1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bharatpur : फरार हार्डकोर अपराधी टिल्ला यादव और पुलिस के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

Bharatpur : भरतपुर के सीकरी थाने की हवालात से फरार हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ टिल्ला यादव और पुलिस टीम के बीच आज मंगलवार को मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। जिसके बाद घायल आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया।
2 min read
Google source verification
Bharatpur police hardcore criminal Tilla Yadav Encounter arrested

Tilla Yadav : एसपी शरण गोपीनाथ कांबले व घायल अवस्था में अपराधी टिल्ला यादव को अस्पताल में भर्ती करती पुलिस। फोटो पत्रिका

Bharatpur : भरतपुर के बृजनगर कस्बे के नदबई रोड पर राठा भट्टा के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सीकरी थाने की हवालात से फरार हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ टिल्ला यादव को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम से उसकी मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घिरने के बाद एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया।

29 अगस्त को हवालात से फरार हुआ था

विक्रम उर्फ टिल्ला यादव 29 अगस्त को सीकरी थाने की हवालात से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी सुल्तान सिंह के नेतृत्व में डीएसटी और सीकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान उसके बृज नगर कस्बे के नदबई रोड स्थित राठा भट्टा के पास होने की सूचना मिली।

घिरते ही छीना हथियार, पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक टीम ने आरोपी को घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अस्पताल में भारी पुलिस जाप्ता

घायल आरोपी को तत्काल बृज नगर के राजकीय उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही सीओ रामनाथ सिंह गुर्जर और बृज नगर थानाधिकारी लाखन सिंह भारी पुलिस जाप्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आरोपी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

17 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विक्रम उर्फ टिल्ला यादव के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हवालात से फरारी के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फरारी और पुलिसकर्मी से हथियार छीनने सहित पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

बड़ी खबरें

View All

भरतपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग