29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नेपाल बाढ़ में बहकर मीलों दूर पहुंचा बैंक का लॉकर, ग्रामीणों ने तोड़ा; 29 गिरफ्तार, 57 लाख बरामद

नेपाल में बाढ़ के दौरान बहकर मीलों दूर पहुंचा बैंक का लॉकर ग्रामीणों ने तोड़ दिया। पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार कर 92.68 लाख नेपाली रुपये यानी करीब 57 लाख रुपये बरामद किए।
2 min read
Google source verification
Nepal Flood, Nepal Flood News, Nepal Bank Locker, Bank Locker Swept Away, Nepal Flood Looting, Nepal Bank Safe, Bank Safe Looted, Nepal Flood Crime, Dhading Flood,

नेपाल बाढ़ में बहकर मीलों दूर पहुंचा बैंक का लॉकर (सांकेतिक फोटो - चैटजीपीटी)

Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच एक बैंक की तिजोरी बहकर कई किलोमीटर दूर पहुंच गई। इसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने तिजोरी को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। पुलिस ने इस मामले में 29 लोगों को हिरासत में लिया है। उनके पास से करीब 57 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। मामला नेपाल के धादिंग जिले का है। पुलिस के मुताबिक, बाढ़ के तेज बहाव में यह बैंक की तिजोरी बहकर त्रिशूली नदी के पास बेलखुखोला इलाके तक पहुंच गई थी। बाद में स्थानीय लोगों की नजर इस पर पड़ी।

बाढ़ में बहकर आई थी बैंक की तिजोरी

यह तिजोरी नेपाल के रसुवा जिले के भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ में बह गई थी। बाद में यह धादिंग जिले के गल्छी ग्रामीण नगरपालिका-4 में बेलखुखोला के पास त्रिशूली नदी में मिली। धादिंग पुलिस को सूचना मिली थी कि स्थानीय लोगों ने तिजोरी को तोड़कर उसके अंदर रखी नकदी निकाल ली है। इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लिया। इनके पास से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद किए गए।

19 से 49 साल के लोगों को हिरासत में लिया गया

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोग गल्छी-4 के मस्तार इलाके के रहने वाले हैं। कुछ लोग गल्छी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतार के रहने वाले हैं। कुछ आरोपी मूल रूप से चितवन और परसा के रहने वाले हैं। फिलहाल वे धादिंग में रह रहे हैं। हिरासत में लिए गए लोगों की उम्र 19 से 49 साल के बीच है। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत का पता लगा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और लोग शामिल हैं या नहीं।

बाढ़ पीड़ित के शव से सोने की बालियां निकालने का भी आरोप

नेपाल में बाढ़ के बीच चोरी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर बाढ़ में बहकर नारायणी नदी में पहुंचे एक पीड़ित के शव से सोने की बालियां निकालने का आरोप है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कथित तौर पर दो लोग बाढ़ के पानी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।

नेपाल में 626 लोगों की मौत, 2426 लापता

नेपाल में बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को आंकड़ों में बड़ा संशोधन किया। नए आंकड़ों के मुताबिक, देश में 626 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 2,426 लोग अब भी लापता हैं। शुक्रवार रात तक लापता लोगों की संख्या 1,924 बताई गई थी। नए आंकड़ों में इसमें बड़ी बढ़ोतरी हुई है। वहीं लापता विदेशी नागरिकों की संख्या 517 पर बनी हुई है।