हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ में शादी से पहले दूल्हे की मौत, बस 500 मीटर तक घसीटती ले गई

हनुमानगढ़ में शादी के कार्ड बांटने जा रहे 25 साल के राधेश्याम की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मेगा हाईवे पर श्याम मंदिर के सामने हुआ, जहां जयपुर से लुधियाना जा रही एक स्लीपर बस ने गलत दिशा से आकर बाइक को टक्कर मार दी।
2 min read
hanumangarh groom dies
मृतक राधेश्याम (पत्रिका फोटो)

Hanumangarh Road Accident: शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हनुमानगढ़ में शादी से महज तीन दिन पहले 25 साल के युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक से पल्लू जा रहा था। इसी दौरान मेगा हाईवे पर श्याम मंदिर के सामने तेज रफ्तार स्लीपर बस ने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी बस चालक ने वाहन नहीं रोका और युवक को बाइक समेत करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का एक हाथ और पैर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान चक हरीपुरा निवासी राधेश्याम नायक (25) के रूप में हुई है। उसकी शादी 5 सितंबर को होने वाली थी। हादसे को लेकर मृतक के पिता बुधराम नायक ने टाउन थाने में बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शादी के कार्ड बांटने के लिए निकला था

मृतक के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि राधेश्याम 2 सितंबर की अलसुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल से शादी के कार्ड बांटने के लिए पल्लू जाने के लिए घर से निकला था। वह मेगा हाईवे पर श्याम मंदिर के सामने पहुंचा था। इसी दौरान रावतसर की ओर से आ रही स्लीपर बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। आरोप है कि चालक गलत दिशा में बस लेकर आया और राधेश्याम की बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ने बस रोकने के बजाय युवक और उसकी बाइक को करीब 500 मीटर तक घसीट दिया।

स्लीपर बस और मृतक राधेश्याम

जयपुर से लुधियाना जा रही थी बस

टाउन थाने के एएसआई राजाराम स्वामी के अनुसार, स्लीपर बस जयपुर से रवाना होकर पंजाब के लुधियाना जा रही थी। नौरंगदेसर से ठीक पहले मेगा हाईवे पर यह हादसा हुआ। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्लीपर बस को सड़क से हटवाकर सुरक्षित खड़ा करवाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शव को राजकीय अस्पताल, टाउन की मोर्चरी में रखवाया गया।

पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी कर रहे हैं। राधेश्याम की 5 सितंबर को शादी होनी थी। शादी के कुछ दिन पहले ही कार्ड बांटने निकले युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Updated on:
04 Sept 2026 10:51 am
Published on:
04 Sept 2026 09:54 am