
जयपुर के मानसरोवर में किराएदार ने की मकान मालिक की हत्या (फोटो-एआई)
Jaipur Landlord Murder Case: जयपुर के मानसरोवर इलाके में मकान खाली करने और किराए के हिसाब को लेकर हुए विवाद में एक पूर्व किराएदार ने अपने मकान मालिक की हत्या कर दी। आरोपी ने मकान मालिक के सिर पर सीमेंट की ईंट से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मानसरोवर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रजतपथ निवासी दीपक कुलश्रेष्ठ (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। दीपक ने अपना दूसरा मकान किराए पर दे रखा था। आरोपी महेश शर्मा करीब तीन साल से इस मकान में किराएदार के तौर पर रह रहा था। दोनों के बीच किराए और मकान खाली करने को लेकर पहले भी विवाद होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि मकान खाली कराने को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को महेश ने मकान खाली कर दिया था। इसके बाद गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे वह मकान की चाबी देने के लिए पहुंचा। इसी दौरान पुराने किराए के बकाया भुगतान और मकान खाली करने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बहस बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान आरोपी ने मकान के चौक में पड़ी सीमेंट की ईंट उठाई और दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से दीपक लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़े। आरोपी उन्हें वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दीपक के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनके परिचित उन्हें तलाशते हुए किराए के मकान पर पहुंचे। अंदर पहुंचने पर चौक में दीपक लहूलुहान हालत में पड़े मिले। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया जांच में हत्या की वजह मकान खाली करने और पुराने किराए के विवाद को मानकर जांच कर रही है।
वारदात के बाद आरोपी महेश शर्मा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के भागने की दिशा और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
Updated on:
04 Sept 2026 09:21 am
Published on:
04 Sept 2026 09:21 am
