हनुमानगढ़

हनुमानगढ़: भतीजी का घर बचाने के लिए आना पड़ा भारी, पंचायत में विवाद बढ़ा तो फूफा का किया मर्डर

Hanumangarh Murder Case: हनुमानगढ़ के चौहिलांवाली गांव में पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे फूफे की पंचायत के दौरान मर्डर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
hanumangarh murder
हनुमानगढ़ में जांच करते पुलिसकर्मी (Photo-Patrika)

हनुमानगढ़। साले की बेटी का घर बचाने और उसका पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पहुंचे फूफा की पंचायत के दौरान हुए मर्डर का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, टाउन थाना क्षेत्र के गांव चौहिलांवाली में सोमवार शाम हुई इस वारदात में बुजुर्ग कृष्णलाल पर सब्बल (रॉड) से हमला किया गया। उसके बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के अबूबशहर निवासी कृष्णलाल अपने साले की बेटी के पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए परिवार के कुछ अन्य लोगों के साथ उसके ससुराल गांव चौहिलांवाली आए थे। यहां दोनों परिवारों के लोगों की मौजूदगी में मामले को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान लड़की के ससुराल पक्ष और वहां मौजूद अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

गुस्से में आकर किया हमला

आरोप है कि विवाद के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने आवेश में आकर कृष्णलाल पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद परिजन और वहां मौजूद अन्य लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उपचार के दौरान कृष्णलाल ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतक का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

कई जनों को किया राउंडअप

वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी मीनाक्षी और टाउन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां मौजूद हालात की जानकारी ली। इसके बाद एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े कुछ लोगों को दस्तयाब कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इनमें से कई लोगों को राउंडअप भी किया गया है। फिलहाल पुलिस वारदात के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Updated on:
25 Aug 2026 02:58 pm
Published on:
25 Aug 2026 01:55 pm