हनुमानगढ़

हनुमानगढ़: पुलिस ने 2 दिन में सुलझाया मर्डर केस, पिता से मेल-मिलाप था इसलिए हत्या कर दी, 5 आरोपी गिरफ्तार

हनुमानगढ़ में विवाहिता मनजीत कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो दिन के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मनोज खान उर्फ फौजी निवासी जंडावाली अपने पिता रमजान खान और मृतका मनजीत कौर के बीच मेल-मिलाप को लेकर नाराज था।

2 min read
Murder Case of Married Woman Manjeet Kaur
मामले की जानकारी देती हनुमानगढ़ पुलिस. Photo- Patrika

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में विवाहिता मनजीत कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो दिन के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है । जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मनोज खान उर्फ फौजी निवासी जंडावाली अपने पिता रमजान खान और मृतका मनजीत कौर के बीच मेल-मिलाप को लेकर नाराज था ।

कई बार समझाने के बावजूद महिला नहीं मानी, जिसके बाद मनोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया । एसपी मीणा ने बताया कि चार जून को गांव चिश्तिया निवासी जसवंत सिंह बावरी ने पुलिस थाना जंक्शन में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी पत्नी मनजीत कौर तीन जून को रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी ।

हत्या एवं एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज

बाद में सूचना मिली कि अग्रसेन चौक श्रीगंगानगर रोड के पास कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई । रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना जंक्शन में हत्या एवं एससी - एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए । मौके पर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए । मीनाक्षी आरपीएस, वृताधिकारी नगर हनुमानगढ़ के नेतृत्व में तथा थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली ।

यह वीडियो भी देखें

आरोपियों का पूर्व का कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं

पड़ताल के बाद आरोपियों की पहचान की गई । इसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मनोज खान उर्फ फौजी ( 23 ), रफीक खान उर्फ रफी ( 19 ), अकरम ( 21 ), इमरान खान उर्फ कालू ( 20 ) तथा जफर हुसैन ( 20 ) सभी निवासी जंडावाली को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है । एसपी ने बताया कि आरोपियों का पूर्व का कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं है ।

Updated on:
06 Jun 2026 12:37 pm
Published on:
06 Jun 2026 12:15 pm