
हनुमानगढ़। पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया मॉड्यूल पर जिला पुलिस ने कार्रवाई की है। एजीटीएफ, साइबर सेल व टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने टाउन के दशहरा ग्राउंड के पास स्थित वार्ड 45 निवासी क्रिश राय उर्फ शान (20) पुत्र अजय राय को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी को हनुमानगढ़ टाउन व रायसिंहनगर थानों के वीडियो और लोकेशन भेजने का आरोप है।
एसपी नरेंद्रसिंह मीना ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी क्रिश राय ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी और वॉट्सऐप नंबर से शहजाद भट्टी की आईडी पर इस साल फरवरी में संपर्क किया था। आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से टाउन और रायसिंहनगर पुलिस थाने की वीडियो बनाकर भट्टी को भेजी। इसके अलावा कई बार वॉट्सऐप चैट कर महत्वपूर्ण जानकारियां भी आतंकी को उपलब्ध करवाई।
आरोपी युवक आतंकी भट्टी के हथियारों वाले पोस्ट व फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर कर भारत की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता व अखंडता को खतरे में डालने का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाने में धारा 113(3), 152 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपी क्रिश का पहले का कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। वह बारहवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है।
एसपी ने बताया कि आतंकी भट्टी को सूचना भेजने के एवज में आरोपी क्रिश को ऑनलाइन रुपए भी भेजे गए हैं। उसके खाते में पैसे भेजने वाला और एक अन्य जना पुलिस के रडार पर है। जल्दी ही उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी क्रिश राय के मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर चल रहे उक्त नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं।
एसपी मीना ने बताया कि आरोपी क्रिश मूलत: दरभंगा, बिहार का रहने वाला है। उसका परिवार करीब 30 वर्षों से हनुमानगढ़ में कर रहा है। उसका पिता दिहाड़ी मजदूरी करता है। क्रिश का मामा रायसिंहनगर में रहता है। आतंकी को भेजने के लिए आरोपी क्रिश अपने मामा के पास रायसिंहनगर गया और वहां के थाने के वीडियो, फोटो बनाए। शहजाद भट्टी पाकिस्तान का गैंगस्टर/आतंकी है जो भारत में आतंक फैलाने के लिए सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स बनाता है। यह फॉलोवर्स उसके लिए सेल के रूप में सक्रिय रहकर भारत में उसकी गतिविधियों में सहयोग करते हैं।
पुलिस के अनुसार यह शहजाद भट्टी से संपर्क का तीसरा मामला है। इससे पहले 24 मार्च को जसवंत कुमार उर्फ सोनू पुत्र बीरबलराम निवासी वार्ड एक किशनपुरा दिखनादा पीएस टाउन तथा सुनील उर्फ धोलू पुत्र राजू उर्फ राजकुमार निवासी वार्ड 54, सुरेशिया को क्रमश: टाउन तथा जंक्शन थाना पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी मीना ने बताया कि पंजाब में थाने पर ग्रेनेड से आतंकी हमला हुआ था। उसी तरह का हमला यहां करने का प्लान था। आतंकी शहजाद भट्टी और यहां सक्रिय उसके गुर्गे पुलिस को धमकाने या बदला लेने की मंशा से किसी हथियार या ग्रेनेड से थाने पर हमले की योजना बना रहे थे।