स्वास्थ्य

Acute Myeloid Leukemia: फ्लू समझकर न करें नजरअंदाज, बार-बार बुखार, कमजोरी और शरीर पर नीले निशान हो सकते हैं ब्लड कैंसर AML के शुरुआती संकेत

Acute Myeloid Leukemia Cause: क्या आप भी बार-बार बुखार और कमजोरी को मामूली फ्लू समझ रहे हैं? क्लीवलैंड क्लिनिक और अमेरिकन कैंसर सोसाइटी से जानिए ब्लड कैंसर AML के शुरुआती संकेत और कारण, ताकि सही समय पर लक्षणों को पहचान सकें।
2 min read
Jul 08, 2026
Acute myeloid leukemia early signs,AML blood cancer symptoms,Causes of AML leukemia
बार-बार बुखार, कमजोरी और शरीर पर नीले निशान हो सकते हैं ब्लड कैंसर के संकेत- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Acute Myeloid Leukemia Symptoms : बदलते मौसम में सर्दी-खांसी, बुखार या कमजोरी महसूस होना बहुत आम बात है। अक्सर लोग इसे मामूली फ्लू या थकान समझकर आराम करने लगते हैं या खुद से कोई भी दवा खा लेते हैं। लेकिन अगर बुखार बार-बार आ रहा हो, शरीर की कमजोरी ठीक होने का नाम न ले रही हो और बिना किसी चोट के शरीर पर नीले-काले निशान पड़ने लगें, तो सावधान हो जाइए। यह एक्यूट माइलॉयड ल्यूकेमिया (Acute Myeloid Leukemia - AML) नाम के ब्लड कैंसर का शुरुआती इशारा हो सकता है। आइए अमेरिकन कैंसर सोसाइटी से समझते हैं कि यह बीमारी क्या है और इसके लक्षणों को पहचानना क्यों जरूरी है।

क्या होती है AML (ब्लड कैंसर) बीमारी?

AML हमारे खून और बोन मैरो (हड्डियों के अंदर का वह हिस्सा जहां खून बनता है) से जुड़ा एक तेजी से फैलने वाला कैंसर है। इस बीमारी में हमारा शरीर बहुत तेजी से खराब या अधूरे सफेद रक्त कण (Abnormal White Blood Cells) बनाने लगता है। ये खराब सेल्स इतने ज्यादा हो जाते हैं कि शरीर में सेहतमंद लाल रक्त कण (Red Blood Cells) और प्लेटलेट्स (Platelets) बनने की जगह ही नहीं बचती। इसी वजह से शरीर अंदर से कमजोर होने लगता है।

क्या हैं इसके मुख्य लक्षण?

  • बार-बार बुखार और इन्फेक्शन होना।
  • हर वक्त भयंकर कमजोरी और थकान।
  • शरीर पर नीले-काले निशान पड़ना (Bruising)।
  • मसूड़ों या नाक से खून आना।
  • हड्डियों और जोड़ों में दर्द।
  • अचानक वजन कम होना और भूख न लगना।

एएमएल (AML) होने के कारण क्या हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, एक्यूट माइलॉयड ल्यूकेमिया (AML) तब होता है जब बोन मैरो के अंदर मौजूद डीएनए (DNA) में कुछ गड़बड़ी या बदलाव (Mutation) आ जाता है। इस बदलाव की वजह से शरीर सही खून बनाने के बजाय खराब और कैंसर वाले सेल्स बनाने लगता है। कुछ ऐसे बड़े कारण और खतरे (Risk Factors) हैं जिनकी वजह से यह बीमारी पनप सकती है;

  • उम्र बढ़ने के साथ इसका खतरा ज्यादा।
  • सिगरेट या तंबाकू का सेवन करना।
  • केमिकल्स के संपर्क में आना।
  • पहले कभी हुआ कैंसर का इलाज।
  • जेनेटिक या आनुवंशिक बीमारियां।
  • खून से जुड़ी पुरानी बीमारियां।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
08 Jul 2026 02:47 pm
Published on:
08 Jul 2026 02:47 pm