
नई दिल्ली। Sprained Ankle Home Remedies: बच्चे एक बार खेल में मस्त हो जाएं, तो उन्हें कुछ भी याद नहीं रहता। और खेल-खेल में तो बच्चे गिरते-पड़ते ही रहते हैं। इसी के चलते कई बार उन्हें चोट लगने के साथ ही पैर मुड़ने के कारण मोच भी आ जाती है। बच्चे ही नहीं बल्कि कई बार बड़ों का भी चलते-चलते संतुलन बिगड़ जाने के कारण पैर में मोच जैसी समस्या होना आम बात है। पैर में मोच आने पर सूजन के साथ ही काफी दर्द भी होता है। ऐसे में अगर समस्या ज्यादा गंभीर नहीं है तो चिकित्सक के पास जाने से पहले इन घरेलू उपायों द्वारा मोच के दर्द और सूजन में आराम पाया जा सकता है...
1. बर्फ
मोच आ जाने पर मोच प्रभावित स्थान पर तुरंत बर्फ की सिकाई करना आरामदायक होता है। इसके लिए आप बर्फ के कुछ टुकड़ों को एक सूती कपड़े में बांधकर प्रभावित स्थान पर लगाएं। अगर मोच का दर्द अधिक है तो हर 1-2 घंटे में 20 मिनट के लिए मोच पर बर्फ लगाएं।
2. इमली का पत्ता
मोच के दर्द में आराम पहुंचाने के लिए इमली के पत्तों में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-सेप्टिक गुण पाए जाते हैं। इस उपाय को करने के लिए आप इमली के थोड़े से पत्तों को पीसकर इसमें गुनगुना पानी मिलाकर एक पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को मोच से प्रभावित भाग पर लगाने से आराम मिलेगा।
यह भी पढ़ें:
3. नौसादर
इस उपाय को करने के लिए 10-10 ग्राम नौसादर और कलमी शोरा को पीसकर पाउडर बना लें और उसे 200 ग्राम पानी में मिलाएं। अब इस मिश्रण में एक सूती कपड़ा भिगोकर बार-बार मोच के ऊपर लगाने से शीघ्र आराम मिलता है।
4. हल्दी
एंटीसेप्टिक गुणों से युक्त हल्दी भी मोच के दर्द और सूजन को कम करने में सहायक होती है। इसके लिए आप थोड़े से पानी में दो चम्मच हल्दी डालकर पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को दर्द वाली जगह पर लगाकर 2 घंटे के लिए छोड़ दें और उसके बाद गुनगुने पानी से धो लें।
5. लहसुन
कई बार मोच आ जाने के साथ ही हमें थोड़ी सी चोट लग जाती है या प्रभावित स्थान छिल सा जाता है। इसके लिए सबसे पहले एक कटोरी में पाँच-छह चम्मच सरसों का तेल लें और उसमें 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाऊडर और 4-5 लहसुन की कलियां पीसकर डाल दें। अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर कुछ देर के लिए गर्म करें। उसके बाद हल्का सा ठंडा करके मोच पर धीरे-धीरे इस तेल से मसाज़ करें। एंटी-इन्फ्लेमेंटरी और एंटीफंगल गुणों से युक्त सरसों एवं हल्दी दोनों ही सूजन और चोट को जल्द भरने में मददगार हैं।