इस स्मार्ट झाड़ू को अभी चीन में लॉन्च किया गया है इस झाड़ू को किसी भी दिशा में घुमाया जा सकता है इसमें 2000mAh की बैटरी दी गई है, जो 2 घंटे का बैकअप देती है
नई दिल्ली: चीन की इलेक्ट्रॉनिक कंपनी Xiaomi ने अब स्मार्ट तरीके से घर में झाड़ू और पो़छा लगाने के लिए एक स्मार्ट डिवाइस को लॉन्च किया है। इस नए डिवाइस का नाम Mi Wireless Handheld Sweeper है। इसके जरिए यूजर्स आसानी से घर में झाड़ू और पो़छा लगा सकते हैं। इस डिवाइस को चीन में 99 युआन करीब (1,030 रुपये) में पेश किया गया है। भारत में इस स्मार्ट झाड़ू को कब तक लॉन्च किया जाएगा इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।
कंपनी का यह स्मार्ट झाड़ू डबल ब्रश डिजाइन के साथ आता है। इस झाड़ू में 2000 एमएएच की बैटरी दी गई है। इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद 2 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके ब्रश की स्पीड 1300 आरपीएम प्रति मिनट है। शाओमी के इस झाड़ू को किसी भी दिशा में घुमा कर इस्तेमाल किया जा सकता है। शाओमी ने मी वायरलेस हैंडहेल्ड स्वीपर को पेश करते हुए कहा है कि पारंपरिक झाड़ू सेमी ओपन डिजाइन के साथ आता है जिसकी वजह से सही से सफाई नहीं हो पाती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए इस डिवाइस को पेश किया गया है। इस झाड़ू का वजन 1 किलोग्राम है।
हाल ही में शाओमी ने शाओमी ने स्मार्ट Lofans Cordless Steam Iron भी लॉन्च किया है। कंपनी का यह स्टीम आयरन अडजस्टेबल गियर, कॉर्डलेस चार्जिंग स्टैंड और एक स्विच के साथ आता है। इस आयरन की सबसे ख़ास बात यह है कि इसे वायरलेस आयरन के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही हाई-टेंपरेचर के दौरान कपड़ों को नुकसान ना पहुंचे इसके लिए कंपनी ने इसमें नेगेटिव आयन की कोटिंग दी है। इसे चीन में 199 युआन करीब (2,060 रुपये) में पेश किया गया है।