इंदौर

Indore News : कमल नाथ का आगमन…नेताओं और अफसर में तकरार

एयरपोर्ट में एंट्री को लेकर जमकर तू-तू-मैं-मैं, बाद में कांग्रेसियों को देना पड़ा प्रवेश
2 min read
Sep 13, 2022
Indore News : कमल नाथ का आगमन...नेताओं और अफसर में तकरार
Indore News : कमल नाथ का आगमन...नेताओं और अफसर में तकरार

इंदौर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ आज सुबह इंदौर आए। एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी शहर के कांग्रेस नेताओं ने की। प्रदेशाध्यक्ष नाथ के इंदौर आने से पहले एयरपोर्ट के अंदर इंट्री पास को लेकर जिला प्रशासन के अफसर और कांग्रेस नेताओं में तकरार हुई। साथ ही पास को लेकर तू-तू-मैं-मैं अलग हुई। इसके बाद कुछ नेताओं के नाम अंदर जाने के लिए जोड़े गए और फिर पास बनाकर इंट्री दी गई।

प्रदेशाध्यक्ष नाथ भोपाल से फ्लाइट में इंदौर एयरपोर्ट पर सुबह 9.20 बजे पहुंचे। इसके बाद 9.25 बजे एयरपोर्ट के बाहर आए। इस दौरान उनके साथ नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश अग्रवाल भी थे। प्रदेशाध्यक्ष नाथ जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर आए, वैसे ही कांग्रेसियों ने उनका स्वागत करने और मुलाकात करने को लेकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ में से जैसे-तैसे करके नाथ निकले और मीडिया से मुखातिब हुए।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा भारत तोडऩे और कांग्रेस भारत जोडऩे का काम कर रही है। हर प्रदेश आज नफरत की आग में जल रहा है। भारत जोड़ो यात्रा पर भाजपा को क्यों आपत्ति है, समझ से परे है। एयरपोर्ट पर कांग्रेसियों से मुलाकात करने के बाद नाथ शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के साथ सीधे बाणगंगा स्थित विधायक संजय शुक्ला के घर सुबह 10 बजे पहुंचे। यहां पर उन्होंने उनके पिता और भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुप्रसाद शुक्ला के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। विधायक शुक्ला के घर प्रदेशाध्यक्ष नाथ के आने पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। वे करीब एक घंटा विधायक शुक्ला के घर रुके और फिर 11 बजे के आसपास एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से नलखेड़ा रवाना हो गए।

नाम कटने पर हुई बहस

प्रदेशाध्यक्ष के इंदौर आने पर एयरपोर्ट के अंदर मुलाकात के लिए शहर कांग्रेस ने 34 नाम दिए। इसकी सूची लेकर सुबह 8 बजे शहर कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया एयरपोर्ट पहुंचे। सूची में से अंदर जाने के लिए पहले 22 नाम तय किए गए, लेकिन बाद में अपर कलेक्टर राधेश्याम मंडलोई ने 22 में से कई नाम काटकर अंदर जाने की अनुमित विधायक सज्जन सिंह वर्मा, विशाल पटेल, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, अश्विन जोशी और शेख अलीम को दी। प्रदेश सचिव राजेश चौकसे सहित अन्य का नाम काट दिया गया। इसके बाद नामों को लेकर अपर कलेक्टर मंडलोई और कांग्रेस नेता आमने-सामने हो गए। जमकर बहसबाजी हुई और फिर इंदौर के जिला प्रभारी महेंद्र जोशी, स्वप्निल कोठारी और अमन बजाज का नाम जोड़ा गया। बाकी नेता बाहर ही रह गए।

Published on:
13 Sept 2022 11:36 am