
इंदौर में 48 घंटे में मिलेगा जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र (फोटो सोर्स: Patrika)
Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में जनता की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए इंदौर नगर निगम ने क्षेत्र के सभी 22 जोनों पर जन्म या मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने की नई व्यवस्था लागू कर दी है। पुरानी व्यवस्था के तहत किसी भी जोन में संबंधित दस्तावेजों से जुड़ा आवेदन करने के बाद प्रमाण-पत्र जारी होने में कई दिन लग रहे थे। इसके पीछे का मुख्य कारण जिम्मेदार अफसरों के हस्ताक्षर न करना सामने आया है। अब इस व्यवस्था में जनता की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण बदलाव किया जा रहा है।
सामने आ रही समस्याओं को लेकर शिकायत होने के बाद अब नगर निगम की ओर से इसकी नई व्यवस्था प्रभावी की जा रही है। नई व्यवस्था के तहत जोन में आवेदन करने के महज 48 घंटों के भीतर ही जन्म या मृत्यु प्रमाण-पत्र बना दिया जाएगा। साथ ही साथ आवेदक के मोबाइल नंबर पर पीडीएफ भेज दिया जाएगा, ताकि आवेदक अपने नजदीकी एमपी ऑनलाइन या किसी अन्य माध्यम से पीडीएफ प्रिंट करा सकें। इस संबंध में विभाग की ओर से संबंधित दिशा - निर्देश भी दे दिए गए हैं।
इसके अलावा, जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र में किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए आने वाले आवेदनों के साथ दस्तावेजों की जांच कर 24 घंटे में जरूरी सुधार की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा, जोनल अफसरों को काम में लापरवाही न बरतने की हिदायत भी दी गई है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर जनता की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की कार्यप्रणाली में पिछले दिनों बदलाव किया गया है। नई कार्य व्यवस्था के अंतर्गत निगम मुख्यालय स्तर से जारी होने वाले जन्म - मृत्यु प्रमाण पत्र अब सभी 1 से 22 जोन से जारी किए जा रहे हैं।
जोन पर जन्म - मृत्यु प्रमाण - पत्र बनवाने के लिए आने वाले आवेदनों के पेंडिंग होने और कई - कई दिनों तक प्रमाण - पत्र जारी न होने की शिकायत पर महापौर एवं निगमायुक्त ने जोनल अफसरों को प्रमाण पत्र यथासंभव 48 घंटे की समय - सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनता को जोन के चक्कर न लगाना पड़े।
Updated on:
24 Aug 2026 02:09 pm
Published on:
24 Aug 2026 02:09 pm
