
Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मास्टर प्लान के तहत सड़क बनाने और एनजीटी के निर्देशों का पालन करते हुए कान्ह नदी किनारे पर बने बने अवैध निर्माणों पर नगर निगम ने बड़ी अतिक्रमण रोधी कार्रवाई की है। शहर के तोड़ा इलाके में पहुंची नगर निगम की टीम ने एक साथ 50 से अधिक निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि, अब यहां कान्ह नदी को एनजीटी के निर्देश स्वरूप अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ मास्टर प्लान के तहत सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि, मकानों व दुकानों को तोड़ने के लिए दो महीने पहले ही नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा निर्माण नहीं हटाए गए। निगम के अनुसार, निर्धारित समय बीतने के बाद बुधवार को नगर निगम की टीम सड़क की चौड़ाई में बाधक बन रहे मकानों और दुकानों को तोड़ने पहुंची। इस मुहिम का दुकानदारों ने विरोध भी किया। उनका कहना था कि, वो वर्षों से यहां व्यापार कर रहे हैं। दुकानें नहीं रहीं तो उनका रोजगार छिन जाएगा। दुकानदारों ने ये भी कहा कि, उन्हें कोई वैकल्पिक स्थान या मुआवजा भी नगर निगम ने नहीं दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, बारिश के दिनों में पहले कभी निर्माण नहीं तोड़े जाते थे। दूसरी तरफ नगर निगम के अफसरों का कहना था कि, वर्षों से अतिक्रमण कर सड़क के बड़े हिस्से में निर्माण किए गए थे। अब सड़क निर्माण हो रहा है तो हमने बाधक हिस्से हटाए हैं।
नगर निगम जंजीरवाला चौराहा से अटल द्वार तक 80 फीट चौड़ी सड़क बना रहा है। अभी जंजीरवाला चौराहा से त्रिवेणी पुलिया तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। आगामी 15 दिन बाद नेहरू नगर सड़क से निर्माण हटाए जाएंगे। नगर निगम ने दो माह पहले ही नपती कर लाल निशान लगा दिए हैं। हालांकि, कुछ रहवासियों ने इस इलाके में पहले ही निर्माण तोड़ना भी शुरू कर दिए हैं।