महिला का आरोप- पति कहता है तू मर जा, नहीं तो बच्चों को मार दूंगा
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला को पति ने फंदा लगाकर जान से मारने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि पति को उसने अन्य महिला से चैटिंग करते पकड़ लिया था। वह कहता है कि तू मर जा नहीं तो बच्चों को मार दूंगा।
खूशबू राजपूत (25) निवासी नंदबाग की शिकायत पर पति गणेश के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पति छोटी-छोटी बात को लेकर विवाद करता है। पति के अन्य महिला से संबंध होने की जानकारी लगी तो उसने मोबाइल चेक किया। इस पर महिला के साथ फोटो और चैटिंग मिली। इसका विरोध किया तो उसने मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गले में रस्सी डालकर फंदा लगा दिया। वह उसे मारने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान सास आ गई। समझाइश के बाद वह माना। कल शाम को फिर नशे की हालत में आया और मारपीट करने लगा। वहां से वह अपने मायके आ गई। आरोपी वहां भी आ गया। उसे साथ चलने के लिए बोला। मना किया तो छोटे बेटे को उसे देने को बोला, नहीं देने पर बड़े बेटे को जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर उसने छोटे बेटे को दे दिया। आरोपी ने उसे उलटा लटकाया और धमकी दी कि अगर उसके साथ घर नहीं चली तो उसे पटककर मार देगा। मजबूरी में उसके साथ चली गई। घर पर उसे बोला कि वह खुद जाकर मर जाए या फिर बच्चों को मार देगा। वह रेलवे ट्रैक पर जाने लगी तो आरोपी भी साथ में चलने की जिद करने लगा। इस पर वह थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुुलिस कार्रवाई कर रही है।
पति ने विवाद के बाद पीटा
मयूर नगर में रहने वाली सुनिता ने पति शेरू के खिलाफ शिकायत की है। महिला का आरोप है कि छोटी-छोटी बात को लेकर विवाद करता था। इससे परेशान होकर अलग रहने लगी थी। आरोपी वहां पर आया और उससे विवाद कर पीट दिया। इसी प्रकार पूजा (23) निवासी तेजपुर गडबडी के साथ पति ने बिना किसी बात को लेकर विवाद किया और किसी नुकीली वस्तु से वार कर घायल कर दिया।