घाटों पर मास्क व सैनेटाइजेशन की गई व्यवस्था
इंदौर. सूर्य उपासना के पर्व चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत सोमवार कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय खाय से हो गई। प्रशासन ने शहर के सभी छठ पूजा आयोजन समितियों को छठ घाटों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए आयोजन की अनुमति दी है। ऐसे में घाटों पर प्रवेश से पहले वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य किया गया है।
पूजा के लिए घाटों पर श्रद्धालु को प्रवेश के लिए वैक्सीन के दोनों डोज लेने का प्रमाण पत्र दिखाना होगा। आयोजन समिति अपने-अपने स्तरों पर सभी घाटों पर मास्क और सैनेटाइजेशन की व्यवस्था की है।
शहर में करीब 80 स्थानों पर छठ पूजा
समितियों सभी छठ श्रद्धालुओं से अपील की है कि घाटों पर यथासंभव मास्क पहनकर रहें। पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मप्र के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह व महासचिव केके झा ने बताया, पिछले वर्ष श्रद्धालुओं ने अपने घरों के परिसर में ही कृत्रिम जलकूंड का निर्माण कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया था। इस वर्ष प्रशासन की सशर्त अनुमति के बाद शहर में लगभग 80 स्थानों पर सार्वजनिक छठ महापर्व का आयोजन कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए किया जा रहा है।