MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में व्हॉट्सऐप पर वीडियो कॉल करके एक युवती ने वकील को फंसाने की कोशिश की।
MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर शहर से सेक्सटॉर्शन का मामला सामने आया है। इसमें एक वकील को व्हॉट्सऐप वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल किया। खुद के केस में मदद मांगने वाली युवती ने कॉल कर ऐसा जाल बिछाया कि युवक को एडिटेड अश्लील वीडियो भेजकर पैसों की मांग करने लगी।
पीड़ित ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक पेशे से वकील हैं। उन्होंने शिकायत कि 20 फरवरी को सुबह मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हॉट्सऐप वीडियो कॉल आया। कॉल उठाने पर एक युवती की आवाज आई, जिसने कहा कि वह किसी केस के संबंध में चर्चा करना चाहती है। वीडियो कॉल पूरी तरह ब्लर था, कुछ देर बाद युवती ने कॉल काट दिया।
पीड़ित ने बताया कि थोड़ी देर बाद एक अन्य नंबर से फिर वीडियो कॉल आया। इस बार कॉल में उसका वीडियो दिख रहा था। वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील वीडियो जोड़ दिया और ब्लैकमेलिंग करने लगी। आरोपी ने व्हॉट्सऐप पर युवक को उसके फेसबुक और इंस्टाग्राम पर जुड़े परिचितों के स्क्रीनशॉट भेजे और धमकी दी कि पैसे ट्रांसफर नहीं किए तो वीडियो रिश्तेदारों और दोस्तों को वायरल कर दिया जाएगा। 'इज्जत बचानी है तो पैसे भेजो' कहकर लगातार दबाव बनाया गया।
ब्लैकमेलिंग से घबराने के बजाय पीड़ित युवक सीधे थाने पहुंचा और पूरी जानकारी पुलिस को दी। जिस नंबर से कॉल और मैसेज आए थे, उनकी डिटेल भी सौंपी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात नंबर धारकों के खिलाफ आइटी एक्ट और अन्य धाराओं में शुक्रवार को मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।