इंदौर

धार रोड पर प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल स्वाहा, 10 किमी दूर से दिखा धुआं

Plastic Granule Factory Fire : धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ में ड्यू ड्रॉप इरिगेशन के नाम से प्लास्टिक दाना फैक्ट्री है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
2 min read
Plastic Granule Factory Fire
प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में भीषण आग (Photo Source- Input)

Plastic Granule Factory Fire : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के अंतर्गत आने वाले धार रोड के ग्राम नावदा पंथ स्थित प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी लगते ही फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने घटना स्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाना शुरु किया। वहीं, दूसरी तरफ चंदन नगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरु किया। जानकारी लगते ही निगम कमिश्नर क्षितिज सिंहल भी घटनास्थल पर पहुंच गए और जिम्मेदारों को जरूरी दिशा - निर्देश दिए।

आपको बता दें कि, जिले के धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ में ड्यू ड्रॉप इरिगेशन के नाम से प्लास्टिक दाना फैक्ट्री है। फैक्ट्री के संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी पिता अब्दुल गफ्फार बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह 7 बजे कारखाने में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक दाना भंडारण कर रखा हुआ था, जिसने तेजी से आग पकड़ ली और काला धुआं आसमान में उठने लगा।

10 कि.मी दूर से आसमान में दिखाई दे रहा था काला धुआं

आग की भीषणता का अंदाजा इसी से लगा सकते है कि, प्लास्टिक दाने के जलने से बन रहा काला धुआं आसमान में 10 किलोमीटर दूर तक कारखाने से निकलता धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। घटना आग की तरह इलाके में फैल गई, जिसके चलते इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड को हादसे की सूचना दी गई।

दो-तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। भीषण आग को बुझाने में दमकल विभाग की छह गाड़ियाें ने मशक्कत की। दो-तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। वहीं पानी डालने में बाधा बन रहे फैक्ट्री के टिन शेड को जेसीबी की मदद से हटाया गया। पानी कम पड़ने पर नगर निगम के अधिकारियों ने आसपास से पानी की व्यवस्था की। गांव के लोगों ने ट्यूबवेल से आग बुझाने के लिए पानी भिजवाया।

फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख

आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। वहीं, मौके पर पहुंची चंदन नगर की पुलिस ने सुरक्षा कि दृष्टि से आसपास के इलाके को खाली करवाया। आग से फैक्ट्री में रखा सामान जल गया। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी अनुसार हादसे के समय फैक्ट्री में मजदूर नहीं थे। फैक्ट्री संचालक का कहना है कि आज अमावस्या होने की वजह से मजदूर काम पर नहीं आए थे, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरु

फैक्ट्री में 30 से 35 लोगों के काम करने की जानकारी मिली है। यहां दिन और रात की दो शिफ्ट में काम किया जाता है। वहीं डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच शुरु कर दी गई है।

Updated on:
16 May 2026 01:55 pm
Published on:
16 May 2026 01:55 pm