
एमपी में भीषण गर्मी का टॉर्चर (Photo Source- Patrika)
MP Weather Update:मध्य प्रदेश में जारी भीषण गर्मी के दौर ने सूबे के लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। ताजा अपडेट के अनुसार, फिलहाल तेज गर्मी से राहत मिलने के आसार भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। बल्कि आगे और सतर्क होने की जरुरत हो गई है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। वहीं, आज प्रदेश के कई जिलों में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 37 जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जबकि बीते 24 घंटों पर गौर करें तो प्रदेश में सबसे गर्म खंडवा शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सूबे के इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, कई जिलों में दिन के साथ - साथ रातें भी गर्म होने लगी है। बताया जा रहा है कि, इंदौर, उज्जैन और मंडला में गर्म हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आगामी 24 घंटों में प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, छतरपुर, सागर, दमोह समेत कई जिलों में लू का असर देखने को मिलेगा। विभाग संबंधित इलाकों में दोपहर के वक्त हालात ज्यादा गंभीर होने की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटों के दौरान एमपी में मौसम ने सिर्फ गर्मी से तड़पाया नहीं, बल्कि बारिश से राहत भी दिया। भीषण गर्मी के बीच कुछ किलों में आंधी और बारिश का सिलसिला भी जारी रहा। कटनी में जहां तेज हवाओं के साथ ओले गिरे, वहीं उमरिया में आंधी और बारिश से खरीदी केंद्रों में रखा गेहूं भीग गया। जबकि, सागर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, गुना, शिवपुरी और रायसेन समेत कई जिलों में भी शाम को मौसम बदल गया। हालांकि, इससे तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन उमस में थोड़ी राहत मिल सकती है।
वहीं, बात करें जबलपुर की तो यहां मौसम विभाग इन दिनों बन रहे बादलों के कारण उमस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जहां सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, वहीं रात में हल्की बूंदाबांदी के बाद उमस और बढ़ गई। मौसम में यह उतार-चढ़ाव लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। अगर पिछले वर्ष के आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार तापमान अधिक है। गत वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस बार यह 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
Updated on:
16 May 2026 11:11 am
Published on:
16 May 2026 11:11 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
