
mp bjp : शहरों में बेतरतीब बैनर, पोस्टर, होर्डिंग को लेकर कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद भी नेताओं का पोस्टर प्रेम कम नहीं हो रहा है। इंदौर में पिछले कुछ दिनों में आयोजनों, होर्डिंग को लेकर विवाद की स्थिति बनी है। विवाद पोस्टरों पर लगे नेताओं के फोटो लगने या नहीं लगने को लेकर थे। एक प्रमुख धार्मिक आयोजन के पोस्टरों में विधायक गोलू शुक्ला को दरकिनार करने पर उनके समर्थक भड़क उठे। शिकायत प्रदेश नेताओं तक पहुंच गई है।
एक नेता के समर्थकों ने पोस्टर हटाने के लिए निगम अफसरों से भी शिकायत की
धार्मिक और राजनीतिक आयोजनों के लिए लगे पोस्टरों से कुछ नेताओं के फोटो गायब थे। इस पर नेताओं में नाराजगी रही और एक नेता के समर्थकों ने पोस्टर हटाने के लिए निगम अफसरों से भी शिकायत की। हालांकि पोस्टरों पर लगी पावरफुल फोटो के कारण निगम ने इन्हें हटाने में सख्ती नहीं दिखाई।
विधानसभा 3 में कई जगह धार्मिक यात्रा के पोस्टर चस्पा थे। ये पोस्टर भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे के समर्थकों अस्सू हार्डिया और अन्य ने लगवाए थे। इन पोस्टर में स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला, पार्षद मनीष शर्मा के साथ भाजपा के अन्य नेताओं के नाम और फोटो नहीं थे। इसका स्थानीय नेताओं ने विरोध किया और कुछ नेताओं के समर्थकों ने फोटो-वीडियो के साथ निगम अफसरों से शिकायत की।
मालूम हो, शहर में इन दिनों पोस्टर पॉलिटिक्स के बीच नेताओं और उनके समर्थकों के बीच उलझन है। पोस्टर पर फोटो न होने से नेता न सिर्फ नाराज हो रहे हैं, बल्कि दावा करते हैं कि पोस्टर में सक्रिय नेता की नजर स्थानीय विधानसभा या वार्ड के चुनाव लडऩे पर है।
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे के पोस्टर लगाने वाले समर्थक हार्डिया को लेकर एक नेता के समर्थक ने आरोप लगाया कि उन पर अवैध कॉलोनी काटने का प्रकरण दर्ज हुआ था। इधर पोस्टर लगाने वालों ने भी सफाई दी है। उनका कहना था कि यह सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम था, इसलिए फोटो लगाने के लिए पार्टी लाइन तय नहीं है।