
Indore news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। ठग ने एक महिला को फोन कर खुद को दरगाह का बाबा बताया और बातचीत के दौरान उसके छोटे बेटे को सांप काटने और उसकी मौत होने का डर दिखाया। बेटे की जान बचाने के लिए दरगाह में विशेष इंतजाम करने का झांसा देकर उसने महिला से ऑनलाइन पैसे मांगे। ठग की बातों में आकर महिला ने उसके भेजे क्यूआर कोड पर टुकड़ों में 31 हजार रुपए से अधिक ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद भी ठग और पैसों की मांग करता रहा। शक होने पुर महिला ने परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत की।
टीआइ मनोज सेंधव के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि उसकी सास के मोबाइल पर 17 अगस्त को अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को दरगाह का बाबा बताते हुए पूछा कि कितने लड़के हैं। सास ने तीन बेटे होने की बात बताई। इसके बाद ठग ने कहा कि छोटे बेटे को सांप काटने वाला है और इससे उसकी मौत हो जाएगी। फिर डर दिखाकर ठगी का खेल शुरू कर दिया।
ठग ने महिला को विश्वास में लेते हुए कहा कि यदि वह अपने बेटे को बचाना चाहती है तो वह दरगाह में उसके लिए विशेष इंतजाम करेगा। इसके बदले खाते में पैसे जमा करने होंगे और इंतजाम पूरा होने के बाद रकम वापस कर दी जाएगी। उसने महिला को क्यूआर कोड भेजा और कहा कि छोटे बेटे की उम्र जितनी है, उसका दस गुना भुगतान करना होगा। महिला उसकी बातों में आ गई और बताए गए क्यूआर कोड पर अलग-अलग किस्तों में 31 हजार रुपए से अधिक जमा कर दिए। ठग डराता रहा कि और पैसे नहीं दिए तो उसके बेटे को सांप काट लेगा, उसकी जान चली जाएगी। महिला ने पैसे खत्म होने की बात कही, लेकिन आरोपी रकम मांगता रहा। शंका पर महिला ने उपैसे वापस करने को कहा तो उसने फोन काट दिया।
वहीं दूसरी ओर रावजी बाजार में साइबर ठग ने 69 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब 50 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग से ऑनलाइन धोखाधड़ी की है। फरियादी ने 1 सितंबर को बैंक खाता चेक किया तो उन्हें इसकी जानकारी मिली। ठग ने एकमुश्त रकम निकालने के बजाय छोटे-छोटे अमाउंट में पैसे ट्रांसफर किए। आरोपी ने 31 अगस्त को ऑनलाइन आइएमपीएस के माध्यम से 5-5 हजार रुपए के 9 और 4901 रुपए का एक ट्रांजेक्शन कर 49 हजार 901 रुपए निकाल लिए।