इंदौर

मकान कुर्क करने पहुंची टीम, युवक ने सबके सामने खुद को गोली मारकर कर ली आत्महत्या, फैली सनसनी

Indore News : विजय नगर में मकान की कुर्की कार्रवाई करने पहुंची टीम के सामने मकान मालिक बैंक कर्मचारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों बोले- वो कार्रवाई से तनाव में थे।
2 min read
Indore News
कुर्की कार्रवाई से दुखी शख्स ने खुद को मारी गोली (Photo Source- Patrika Input)

Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। हुआ ये कि, यहां कोर्ट के आदेश पर क्षेत्र के एक मकान की कुर्की करने बैंक से टीम पहुंची। सीजर टीम जिस घर को सीज करने गई थी, वो भी एक बैंक कर्मचारी का था। लेकिन, टीम कुर्की कार्रवाई शुरु कर पाती इससे पहले उसके सामने बैंक कर्मचारी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। स्कीम नंबर 74-सी में रहने वाले 51 वर्षीय हेमंत ब्रह्मवंशी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।

बताया जा रहा है कि, हेमंत ब्रह्मवंशी ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र से लोन लिया था, जिसे वो समय पर चुका नहीं पाए थे। इसी के चलते मामला कोर्ट में गया। कोर्ट ने रकम की रिकवरी के लिए हेमंत का मकान सीज कर रकम रिकवर करने के आदेश दे दिए। कोर्ट के आदेश के तहत रिकवरी टीम सोमवार को उनके मकान पर पहुंची। जब बैंक कर्मचारी और बैंक का वकील मकान सील करने की प्रक्रिया शुरू करने पहुंचे तो हेमंत ब्रह्मवंशी ने उनसे लोन की बकाया राशि जमा करने के लिए एक दिन की मोहलत मांगने लगे।

कार्रवाई से तनाव में था परिवार

कुर्की कार्रवाई से दुखी शख्स ने खुद को मारी गोली (Photo Source- Patrika Input)

आसपास रहने वालों का कहना है कि, कुर्की कार्रवाई से परिवार पहले ही मानसिक रूप से काफी तनाव में था। वहीं, बैंक टीम द्वारा मोहलत भी देने से इंकार किए जाने के बाद उनकी सभी उम्मीदें टूट गईं। वो यहां बाहर खड़े होकर ही कहते सुनाई दिए थे कि, 'सबकुछ बर्बाद हो गया… जीवनभर की मेहनत नष्ट हो गई…'। इसी बीच वे घर के अंदर गए और अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। आपको बता दें कि, आत्महत्या करने वाले हेमंत भी इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक में पदस्थ थे।

अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन

गोली की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के कुछ लोग कमरे में पहुंचे, जहां हेमंत ब्रह्मवंशी गंभीर रूप से घायल पड़े थे। लोगों की मदद से उन्हें तत्काल घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण करते हुए उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया, साथ ही मामले की जांच शुरु की।

जांच में जुटी पुलिस

मामले को लेकर विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल का कहना है कि, शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की टीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए कुर्की कार्रवाई करने पहुंची थी। मृतक के बड़े बेटे और स्थानीय लोगों से लिए बयान में पता चला है कि, हेमंत ब्रह्मवंशी पिछले कुछ समय से काफी तनाव और फ्रस्ट्रेशन में थे। फिलहाल, जांच के बाद ही स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Updated on:
10 Feb 2026 08:03 am
Published on:
10 Feb 2026 08:03 am