
नाबालिग ने चुराए अपनी मां के 15 लाख के जेवर (photo Source- Patrika)
Rewa News :मध्य प्रदेश के रीवा में एक नाबालिग ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद जब कर्जदार हो गया तो उसने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि, सीधी से रीवा एक वैवाहिक कार्यक्रम में अपनी मां के साथ आए नाबालिग बेटे ने करीब 15 लाख रुपए कीमत के मां के सोने के आभूषण पार कर दिए। हालांकि, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए चोरी की इस वारदात का खुलासा कर दिया है। साथ ही, नाबालिग के एक दोस्त के घर से चोरी गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
मामले को लेकर थाना प्रभारी आशीष मिश्रा का कहना है कि, सीधी में रहने वाले तिवारी परिवार की महिला रीवा स्थित अपनी बहन के घर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। शनिवार को वैवाह कार्यक्रम स्थल से घर लौटने के बाद जब उसने अपने जेवर उतारकर रखे तो चंद मिनटों बाद सभी जेवर गायब हो गए।
काफी तलाश करने के बाद भी जेवर नहीं मिले तो पुलिस को सूचना दी गई। चोरहटा पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि उसका नाबालिग पुत्र भी गायब है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसे सीधी से ढूंढ निकाला। रीवा लाकर उससे पूछताछ करने पर पता चला कि नाबालिग ने ही सीधी में अपने दोस्त के यहां जेवर छिपा दिए थे।
नाबालिग ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, उसे मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई, उसी में वो काफी पैसे हार गया था। ये पैसे उसने अपने दोस्तों से उदार ले रखे थे। इसी कर्ज के पैसों को चुकाने के लिए उसने चोरी की। दूसरी तरफ मां ने बेटे के खिलाफ केस दर्ज करने से इंकार कर दिया, जिसके बाद थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने जब्त किए सोने के जेवरात बिना मामला दर्ज किए मां के सुपुर्द कर दिए हैं। लेकिन, बेटे की गतिविधियों पर नजर रखने की नसीहत माता-पिता से की है, ताकि लड़का ऐसी वारदात कहीं बाहर अंजाम न दे दे।
Updated on:
09 Feb 2026 12:36 pm
Published on:
09 Feb 2026 12:36 pm
