
Indore crime news:एमपी के इंदौर शहर में डाक कुंज कॉलोनी के सरकारी आवास में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की शनिवार को हुई हत्या में आरोपी पति अखिलेश सैनी अब तक फरार है। हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाली क्रूरता उजागर की है। रिपोर्ट के मुताबिक, उर्मिला के जबड़े पर करीब आधा दर्जन वार किए गए थे।
आरोप है कि वारदात से पहले पति अखिलेश ने खुद को उर्मिला की प्रॉपर्टी का नॉमिनी बना लिया था और उनकी सैलरी व ATM कार्ड पर भी कब्जा रखता था। आक्रोशित परिजन, डाक विभाग कर्मचारी और रहवासियों नेसंयोगितागंज थाना पहुंचकर विरोध जताया। उनके हाथों में बैनर था जिसमें उर्मिला को न्याय दिलाने की बात लिखी थी।
बेटी प्रेक्षा भी नाना के परिवार और कॉलोनी के लोगों के साथ थी। उसने कहा, यदि (पिता) मिल जाए उसके साथ भी वही टॉर्चर होना चाहिए जो मेरी मां के साथ किया है। मां कितनी तड़पी होगी। उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए या तड़पाना चाहिए। शक की वजह से मेरी मां 15 साल से पागल की तरह हो गई थी। वो साइको निकला। परिवार ने भोपाल और इंदौर में शिकायत की, लेकिन हर बार मां को बातचीत से पिघला देता। मेरे सामने मां का गला भी दबा चुका है। मैंने रोकने की कोशिश की तो मंदिर में रखा भगवान का सिंहासन फेंक मेरे सिर पर मारा था।
महिला के पिता सत्यनारायण मालाकार ने कहा, आरोपी अखिलेश सैनी के दिमाग में हमेशा शक भरा रहता था। आजकल के बच्चों को टेक्नोलॉजी के बारे में सब पता है। आरोपी ने बेटी के मोबाइल के वाट्सऐप में कुछ डाल रखा था। उसकी दिनभर की गतिविधियों को शाम को बैठकर सुनता था। किसी से भी बात करने पर टोकता रहता था।
विवाद बढ़ने पर हमने शिकायत की। हमने अखिलेश से पूछा भी कि तुम बेटी पर इतनी निगरानी क्यों रखते हो। तुम्हारे पास कोई तो सबूत है क्या कि वह किसी से बात करती है। इस पर वह कभी जवाब नहीं दे पाया। वह हमेशा बेटी को धमकी देता था कि तेरे परिवार और बच्चों को मार दूंगा। मैं चाहता हूं उसका एनकाउंटर कर दो, नहीं तो वो कोर्ट से छूट जाएगा।
आरोपी अखिलेश सैनी की तलाश जारी है। हमने कई स्थान पर उसे स्पॉट किया है। वह पत्नी पर शंका करता था, इस वजह से हत्याकांड को अंजाम दिया। हमारी कई टीम शहर और बाहरी जिले में उसकी तलाश कर रही है। - केपी यादव, टीआइ संयोगितागंज थाना
इंदौर की डाक कुंज कॉलोनी में पति अखिलेश ने पोस्टल असिस्टेंट पत्नी उर्मिला सैनी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद सनकी पति ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चाकू से महिला के शरीर पर गंभीर वार किए गए हैं। घबराई बेटी ने नाना, मौसा को फोन पर जानकारी दी। परिवार मौके पर पहुंचा तब पता चला कि पति फरार है। पूरे समय परिवार विलाप करता रहा। परिवार के सदस्यों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।