
जबलपुर। प्रदेश सरकार द्वारा भू-माफिया, चिटफंड कम्पनी के कारोबारियों और सूदखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई जबलपुर में हुई। पुलिस ने प्रशासन और नगर निगम अमले के साथ मिलकर नौदरा ब्रिज और करमचंद चौक के बीच श्री गोविंद सिंह कन्या महाविद्यालय के सामने अवैध तरीके से निर्मित दरबार वेज रेस्टोरेंट पर सुबह-सुबह बुलडोजर चलाया। तीन करोड़ की लागत से निर्मित इस दबार रेस्टोरेंट में माफिया नया मोहल्ला निवासी अब्दुल रज्जाक का पैसा लगा है। अब्दुल रज्जाक पेशेवर अपराधी रह चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में एनएसए की कार्रवाई भी हो चुकी है।
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि सम्भायुक्त महेश चंद्र चौधरी और आईजी भगवत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में माफिया विरोधी अभियार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जांच में सामने आया कि श्री गोविंद सिंह कन्या महाविद्यालय के सामने यश जैन एवं हर्ष जैन के द्वारा अवैध रूप से दरबार वेज रेस्टोरेंट निर्मित कर संचालित किया जा रहा है। पूर्व में नगर निगम से उक्त निर्माण को तोडऩे की नोटिस भी जारी की गई थी। इस दरबार का निर्माण तीन करोड़ की लागत से हुआ था और पूरा निवेश नया मोहल्ला निवासी अब्दुल रज्जाक ने किया था।
गोपनीय रखी गई थी पूरी कार्रवाई की योजना-
पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त अमले ने पूरी कार्रवाई की योजना गोपनीय रखी थी। इसकी तैयारी गुरुवार को ही पूरी कर ली गई थी। नगर निगम के अतिक्रमण अमले को रात में ही बुला लिया गया था। पुलिस को भी रात में ही ब्रीफ कर दिया गया था। कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन का पूरा अमला लगा दिया गया था। सुबह 6 बजे ही पूरा अमला मौके पर पहुंच गया। चारों तरफ से बुलडोजर और जेसीबी मशीनें लगाकर दरबार को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हुई तो विरोध के उठे स्वर को पुलिस ने सख्ती से दबा दिया। इस दौरान हल्का बल प्रयोग कर कार्रवाई का विरोध करने पहुंचे लोगों को खदेड़ दिया गया।
ये पहुंचा था अमला-
एडीएम संदीप जीआर, एएसपी सिटी अमित कुमार, एएसपी ग्रामीण शिवेश सिंह बघेल, निगम के अपर आयुक्त रोहित कौशल, सीएसपी ओमती आरडी भारद्वाज, सीएसपी गढ़ा रोहित काशवानी, सीएसपी गोहलपुर अखिलेश गौर, सीएसपी रांझी कौशल सिंह, एसडीएम आशीष पाण्डे, नम: शिवाय अरजरिया सहित टीआई कोतवाली, ओमती, रांझी, गोरखपुर, बेलबाग, सिविल लाइन, मदन महल, खमरिया, अधारताल, चरगवां, पाटन, थाने के बल के साथ रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी अतिरिक्त बल के साथ और नगर निगम के संभागीय अधिकारी राकेश तिवारी, अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सागर बोरकर मौजूद थे।