पैसा नहीं मिलने पर आपत्तिजनक फोटो वीडियो भेजे पति को, पुलिस ने मामला दर्ज किया
जबलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के खिलाफ एक महिला से बलात्कार, दस लाख रुपए की मांग कर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को जांच के बाद महिला थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रुपए नहीं मिलने पर महिला के पति को आपत्तिजनक मैसेज भी भेजे। महिला थाने की पुलिस ने बताया कि शहर में रहने वाली एक महिला के पति सरकारी नौकरी में बाहर है। उसके घर कई साल से वार्ड के मंडल अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव उर्फ सोनू का आना-जाना था।
भाजयुमो नेता ने महिला का किया दैहिक शोषण, दस लाख नहीं मिले तो पति को भेजे आपत्तिजनक मैसेज
पुलिस के अनुसार वर्ष 2019 में जब महिला घर पर अकेली थी, उसी समय राजेश वहां पहुंचा। उसने शरबत पीने की बात कही। महिला ने शरबत बनाकर दिया, तो राजेश ने उसमें नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को धोखे से पिला दिया। उसके बाद उसने महिला से बलात्कार किया। इसके बाद से राजेश महिला को ब्लैकमेल कर बलात्कार करने लगा। राजेश की हरकतों से परेशान होकर महिला सितम्बर 2020 में पति के पास चली गई। लेकिन, राजेश की ब्लैकमेलिंग यहीं खत्म नही हुई। उसने वॉट्सऐप और फोन के जरिए महिला से 10 लाख रुपए की मांग करनी शुरू कर दी।
राजेश महिला पर वापस आने का दबाव बना रहा था। बात नहीं मानने पर उसने महिला के पति को आपत्तिजनक मैसेज और फोटो भेज दिए। महिला के पति ने पूछा, तो उसने राजेश की करतूत की जानकारी दी। उसके बाद महिला पति के साथ जबलपुर आई और आरोपी के खिलाफ महिला थाने में में शिकायत दी। जांच के बाद पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज किया।
राजेश श्रीवास्तव उर्फ सोनू के खिलाफ महिला थाना में दुराचार समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
- दीपक मिश्रा, सीएसपी, कोतवाली