
जबलपुर। स्मार्ट सिटी सडक़ राइट टाउन इलाके में एक निजी अस्पताल प्रबंधन द्वारा गंदगी फैलाने पर नगर निगम प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई राइट टाउन स्थित सप्तऋषि हॉस्पिटल की ओर से सडक़ पर निर्माण सामग्री फैलाने की शिकायत पर की गई।
सडक़ पर गड्ढा कर गंदगी फैलाने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस
नगर निगम के उपायुक्त पीएन सनखेरे ने बताया कि अस्पताल परिसर में पीछे निर्माण के लिए आधी रात को खुदाई की गई। वाहन से मलबा की ढुलाई के दौरान स्मार्ट सडक़ पर दूर तक गंदगी फैला दी गई। इस पर निगम प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। रिहायशी मद की जमीन का व्यवसायिक उपयोग करने पर भी जवाब मांगा गया है।
127 पर की चालानी कार्रवाई
शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से सडक़ों पर निर्माण सामग्री एवं गंदगी फैलाने और पॉलिथीन का विक्रय करने वालों के साथ साथ बिना मास्क लगाए घूमने के विरूद्ध 127 लोगों के खिलाफ निगम प्रशासन द्वारा कर्रवाई की गई। इस दौरान सभी संभागों के अंतर्गत 55 हजार 495 रुपये से अधिक जुर्माने के रूप में वसूली की गई। संभाग क्रं 1 से लेकर संभाग क्रमांक 16 के अंतर्गत सडक़ों पर मलवा रखने, गंदगी फैलाने तथा पॉलिथीन बेचने पर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा शहर में चालानी कार्रवाई की गई।