जबलपुर

कोरोना संक्रमण को नियंत्रित रखने को तैयारी शुरू, प्रशासन ने दिए ये निर्देश…

-विशेषज्ञ पहले ही जता चुके हैं आशंका, नवंबर में तेज हो सकता है कोरोना का संक्रमण

2 min read
Oct 22, 2020
कोरोना वायरस प्रतीकात्मक फोट

जबलपुर. फिलहाल सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना का संक्रमण कमजोर पड़ा है। लेकिन विशेषज्ञ लगातार यह आशंका जता रहे हैं कि अगले महीने से संक्रमण फिर से तेज हो सकता है। ऐसे में जिला प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है ताकि कोरोना संक्रमण बढ़ता है तो भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

इसी कड़ी में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने निजी अस्पताल संचालकों से सघन चिकित्सा वाले बेड (आईसीयू बेड) की संख्या बढ़ाने को कहा है। कलेक्टर ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की भावी चुनौतियों से निबटने की तैयारी जरूरी है। उसी लिहाज से ऐसा कहा जा रहा है, ताकि अगर प्रतिकूल परिस्थितियां बनती हैं तो भी हम सभी तैयार रहें। अभी से भविष्य की तैयारी रहेगी तो हम सब मिल कर संक्रमण का डट कर मुकाबला कर पाएंगे। उन्होंने बिस्तरों की संख्या से तीन गुना ऑक्सीजन सिलिंडर के इंतजाम करने का सुझाव देते हुये निजी अस्पताल संचालकों को एयर सेपरेशन यूनिट लगाने को भी कहा है।

बैठक में निजी अस्पताल संचालकों से वैक्सिनेशन की तैयारियां भी प्रारंभ करने कहा गया। कोरोना के टीके भविष्य में जब भी आएंगे वैक्सिनेशन में सबसे पहले फ्रंट लाइन हेल्थ वर्कर्स को प्राथमिकता दी जाएगी। कलेक्टर ने अस्पताल संचालकों को हेल्थ सर्विस में लगे अमले की जानकारी निर्धारित प्रारूप में सीएमएचओ कार्यालय को तुरंत उपलब्ध कराने की हिदायत भी दी। साथ ही वैक्सिनेशन के लिए फेसिलिटेशन सेंटर का निर्धारण और नोडल अधिकारी की नियुक्त कर इसकी भी सूचना देने भी कहा।

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान उपचार के लिए भर्ती हुए गंभीर रोगों से ग्रसित मरीजों की सूची भी जल्द से जल्द सीएमएचओ कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि ऐसे लोगों से कोरोना कंट्रोल रूम के मार्फत संपर्क किया जा सके।

Published on:
22 Oct 2020 01:54 pm
Also Read
View All