जबलपुर

मां की गोद से छिटक कर गिरी और हमेशा के लिए छोड़ गई बेटी पल्लवी, जबलपुर में दो बाइको में भिड़ंत

Bike Accident: आमने-सामने से दो बाइकों में टक्कर, 10 वर्षीय मासूम बालिका की मौत, पांच गंभीर, सुनवानी पेट्रोल पंप के पास हादसा।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
jabalpur accident
two bikes collision 10 year old girl dies five injured, घटनास्थल व घायल महिला (Source-Patrika)

Jabalpur Bike Accident: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नवमीं पर माता के दर्शन करने जा रहे परिवार के साथ ऐसा हादसा हुआ जिसके जख्म पूरी जिंदगी रहेंगे। घटना मंझौली सिहोरा रोड की है, जहां सोमवार को सुनवानी पेट्रोल पंप के पास दो बाइको में आमने-सामने ​भिड़ंत हो गई। घटना में एक दस वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पांच अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बच्ची मां के साथ मंदिर में माता रानी के दर्शन करने के लिए जा रही थी, लेकिन इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।

परिवार समेत जा रहे थे दर्शन करने

थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने बताया कि गोसलपुर निवासी वर्षा श्रीवास (35), बेटी पल्लवी (10) और पड़ोस में रहने वाले चंदन विश्वकर्मा (32) के साथ बाइक से सुहजनी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। वहीं सपन गोटिया (17), नीरज (23) और विनय बाइक से विपरीत दिशा में आ रहे थे। शाम लगभग साढ़े पांच बजे वे सुहजनी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि दोनों बाइकों में आमने-सामने से तेज टक्कर हो गई।

छिटककर दूर गिरी पल्लवी, मौके पर तोड़ा दम

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइको में सवार छहों लोग छिटककर दूर जा गिरे। घटना में 10 साल की बच्ची पल्लवी को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को मर्चुरी भिजवाया और घायलों को मंझौली अस्पताल भेजा, वहां से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर किया गया है। नवमीं के दिन घर की बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।

Updated on:
19 Oct 2026 07:41 pm
Published on:
19 Oct 2026 07:01 pm