ठंड का हुआ आगमन, प्रदेश में दिखने लगा असर, कोहरे से सुबह ढंकी
जबलपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरी तरह से विदाई के बीच शहर में गुरुवार को हल्के बादल बने रहे। हालांकि बादलों का असर शहर से काफी दूर दक्षिणी ओर रहा। इससे हवा की दिशा बदल गई। बुधवार तक चली उत्तर-पूर्वी हवा मौसम में हल्की-हल्की ठंड घोल रही थीं। इनका रुख बदलकर गुरुवार को दक्षिण-पूर्व हो गया। अरब सागर की ओर से आयी नमी भरी हवा ने दिन में उमस बढ़ाई। इससे हल्की और चिपचिपी गर्मी हुई। तापमान सामान्य से ज्यादा बना रहा। देर रात मौसम में परिवर्तन आया। हवा की दिशा एक बार फिर बदली और हवा में हल्की ठंडक घुल गई।
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस था। इसमें गुरुवार को मामूली गिरावट आई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। पारा लुढकऩे पर भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना रहा। अधिकतम स्तर पर सामान्य से दो और न्यूनतम स्तर पर सामान्य से एक डिग्री तापमान ज्यादा रेकॉर्ड हुआ है। आद्र्रता गुरुवार को सुबह के समय 77 प्रतिशत और शाम को 54 प्रतिशत थीं। दक्षिण पूर्वी हवा एक किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गुरुवार को दिन के समय नमी भरी हवा आने के कारण हल्के बादल बने थे।