
जयपुर। वहीं दिन, वही जगह और लगभग वही समय। तस्वीर जयपुर के सांगानेरी गेट स्थित उसी हनुमान मंदिर की है, यहां साल 2008 की 13 मई को 79 जानें लीलने वाले सिलसिलेवार बम धमाकों के दौरान ही बम फटा था। सोमवार को बरसी पर शहरभर में लोगों ने अपने—अपने तरीके से मृतकों को श्रद्वांजलि दी, आतंकवाद का मौन प्रतिकार किया। शाम 7 बजे इस मंदिर में शहर से जुटे लोग जब महाआरती कर रहे थे, आसमां भी मानो वहीं आ सिमटा। पहले गरजा—कड़का और आतंकवाद को चेतावनी दी। फिर मौत के उस भयावह मंजर को याद कर बरस पड़ा। ऐसा रोया कि समूची धरा को ताने वाला पारा भी पिघल गया।
जयपुर में झमाझम बारिश, लोगों ने ली राहत की सांस
वहीं तपती गर्मी के बीच सोमवार शाम को राजधानी जयपुर में झमाझम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। लोगों ने राहत की सांय ली। शाम को बाशि से तीन घंटे में तापमान में 10.0 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर में तीन बजे तक पारा 40.3 डिग्री था जो शाम 7 बजे तक लुढ़कर 30.6 डिग्री पहुंच गया।
देर रात 12.30 बजे शहर में फिर बरसे बदरा
करीब छह बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और हवा की रफ्तार 36 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई। धूलभरी आंधी भी चली और मेघ गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी। कुछ देर में छाए काले बादल झमाझम बरसने शुरू हो गए। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोम के कारण मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। रात 12.30 बजे से बारिश शुरू हो गई।