4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IMD Alert: राजस्थान के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव : जयपुर में ऑरेंज अलर्ट के साथ 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 और 5 सितंबर को पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी से अतिभारी बारिश के आसार हैं। सवाई माधोपुर के खंडार में 130 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Sep 04, 2026

IMD Alert

IMD Alert: बारिश की चेतावनी (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश और मेघगर्जन को लेकर अलर्ट जारी किया है। जयपुर सहित 24 जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। जयपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे भारी बारिश में कमी आने का अनुमान है।

जयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट

जयपुर जिले तथा आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए जयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

चूरू, सीकर, झुंझुनूं, डीडवाना-कुचामन, नागौर, टोंक, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर, धौलपुर, अजमेर और भीलवाड़ा जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लो प्रेशर एरिया से बढ़ी मानसून की सक्रियता

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में वेल मार्क लो प्रेशर एरिया उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है। मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर और इस लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

पिछले 24 घंटों में कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से भारी और अतिभारी बारिश दर्ज की गई। सवाई माधोपुर के खंडार में सर्वाधिक 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

5 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा संभाग और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी और अतिभारी बारिश की संभावना है। 5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग में भारी बारिश तथा एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश हो सकती है।

यह वीडियो भी देखें:

6-7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं 8 सितंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में फिर कमी आने की प्रबल संभावना जताई गई है।