AAP नेता अरविंद केजरीवाल का कल जन्मदिवस, राजस्थान में कुछ इस अंदाज़ में मनेगा बर्थडे
जयपुर।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन 16 अगस्त को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। आम आदमी पार्टी की प्रदेश इकाई की ओर से भी केजरीवाल के जन्मदिन पर जनहित के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिला इकाइयों और अग्रिम संगठनों को निर्देश जारी किए गए हैं।
आप पार्टी के प्रदेश सचिव देवेन्द्र शास्त्री ने बताया कि दिल्ली में जनहित के जो काम हुए हैं उनकी वजह से केजरीवाल की पहचान एक सच्चे जनसेवक के रूप में बन गई है। खासकर दिल्ली में बिजली के बिल माफ करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किए गए सुधार देश - दुनिया में उदाहरण बन गए है। ऐसे में दूसरे राज्यों की सरकारें भी जबरदस्त प्रेशर में हैं, कि वे भी अपने राज्य में दिल्ली जैसी जनहित की नीतियों को लागू करें।
शास्त्री ने बताया कि आम आदमी पार्टी की भी प्रतिबद्धता है कि जिन - जिन राज्यों में उनकी सरकार आएगी उन राज्यों में दिल्ली जैसी ही लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा ।
जनहित से जुड़े होंगे आयोजन
आप पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर पौधरोपण, ब्लड डोनेशन कैंप, जरूरतमंदों को भोजन करना जैसे जनहित के कार्य किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं से ये भी कहा गया है कि वे जो भी कार्यक्रम करें उनकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करें। इसके अतिरिक्त शहर में बधाई संबंधी बैनर, होर्डिंग भी लगाए जा रहे है।