— जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य का सनातन परंपरा के संरक्षण में अहम योगदान — मुख्यमंत्री
—सीकर रोड बनी अयोध्यानगरी, हनुमत महायज्ञ में आहुतियों के जरिए विश्वकल्याण की कामना
जयपुर. विश्व कल्याण की कामना और सर्वजन हिताय के उद्देश्य से सीकर रोड स्थित नींदड़ में गुरुवार से दस दिवसीय 1008 हनुमत महायज्ञ और रामकथा का श्रीगणेश जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य के सान्निध्य में हुआ। कार्यक्रम के तहत मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा परिवार सहित कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने स्वामी रामभद्राचार्य से आशीर्वाद प्राप्त कर महायज्ञ में आहुति दी। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी रामकथा का श्रवण कर स्वामी से आशीर्वाद लिया। जय श्रीराम के जयकारों के बीच कथा स्थल अयोध्यानगरी में तब्दील नजर आया।
स्वामी रामभद्राचार्य ने 1412वीं कथा की शुरुआत करते हुए किष्किंधाकांड के अंतर्गत भगवान राम के जन्म के उद्देश्य, दिव्य स्वरूप और सूर्यवंश की महिमा का वर्णन किया। भजन आओ आओ हनुमान दुलारू मैं तुम्हें… के माध्यम से हनुमान जी की बाल्यावस्था का प्रसंग सुनाया। इसके बाद हनुमानजी का भगवान राम से मिलन प्रसंग बताया। चौपाई चारों युग प्रताप तुम्हारा है प्रसिद्ध जगत उजियारा… के माध्यम से हनुमान महिमा का गुणगान किया। स्वामी ने कहा कि यह यज्ञ भारत को सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने की कामना से किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना भी की।
यज्ञ के जरिये सद्भावनाएं होती हैं सशक्त
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वामी रामभद्राचार्य का भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भारतीय संस्कृति में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के अनुरूप यज्ञ विधि से कार्य किया जाता है। यज्ञ के माध्यम से सद्भावनाएं सशक्त होती हैं।
निर्भय वाधवा भी पहुंचे कथा में
रामकथा के मंच पर मुख्य आकर्षण कलाकार निर्भय वाधवा रहे। वाधवा हनुमान की वेशभूषा में खड़े रहकर समय-समय पर जय श्रीराम के नारे लगाते रहे। शुक्रवार सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक हनुमान चालीसा के एक लाख 51 हजार पाठ होंगे। गौरतलब है कि, कथा स्थल पर 10 विशाल डोम तैयार किए गए हैं, जिनमें एक साथ सवा लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है।आयोजन स्थल पर 1100 अस्थायी आवास बनाए गए हैं। प्रतिदिन सामूहिक पाठ आयोजित होंगे तथा रोजाना अयोध्या से आई मंडली की ओर से रामलीला का मंचन किया जाएगा।
अमरीका की दादागिरी खत्म होगी, भारत बनेगा अजेय राष्ट्र
स्वामी रामभद्राचार्य ने अमरीका की दादागिरी और वैश्विक राजनीति को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि, 21वीं सदी में हिंदुत्व का वर्चस्व नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा और भारत सबसे पहले विकसित राष्ट्र बनेगा। जो अमरीका आज दादागिरी कर रहा है, वह आगे कुछ भी करने की स्थिति में नहीं रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अजेय राष्ट्र के रूप में उभरेगा और जहां भी हिंदू रहेगा, वह अपने वर्चस्व के साथ खड़ा रहेगा। स्वामी ने यह भी कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर भारत को प्राप्त होगा और यह सब हनुमानजी की कृपा से संभव होगा।