जयपुर

‘जो आपके पीछे खड़ा है, उसी ने मेरी गाड़ी पर पत्थर मारा था’ MLA कैलाश वर्मा के आरोपों पर CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका का पलटवार

CJP attack Jaipur: जयपुर में CJP टीम पर हुए हमले को लेकर आशुतोष रांका ने कैलाश वर्मा के वीडियो पर पलटवार किया। उन्होंने हमले को लेकर कई आरोप लगाए।
2 min read
Aug 22, 2026
ashutosh ranka answer
बीजेपी विधायक कैलाश वर्मा के आरोपों पर सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका का पलटवार

जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) टीम पर हुए हमले को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में अब सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका और बीजेपी विधायक कैलाश वर्मा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। शनिवार को आशुतोष रांका ने कैलाश वर्मा का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के हैंडल पर शेयर की जिसमें वह सीजेपी पर आरोप लगा रहे हैं। इन्हीं आरोपों का पलटवार करते हुए आशुतोष रांका ने कैलाश वर्मा पर जमकर निशाना साधा है।

आशुतोष रांका ने क्या कहा?

आशुतोष रांका ने पोस्ट करते हुए लिखा कि वीडियो में कैलाश वर्मा के पीछे जो व्यक्ति खड़ा है, उसी ने उनकी गाड़ी पर पत्थर मारा था। उन्होंने दावा किया कि घटना का वीडियो पूरी दुनिया देख चुकी है। साथ ही कैलाश वर्मा को संबोधित करते हुए कहा कि “अक्ल इस्तेमाल करके थोड़ी नौटंकी करिए।”

वीडियो में क्या कह रहे हैं कैलाश वर्मा?

वीडियो में कैलाश वर्मा शुक्रवार को हुए विवाद को लेकर सीजेपी पर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि सीजेपी के लोग खुद गांव में आए और ग्रामीणों के साथ हाथापाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो बनाने के लिए उन लोगों ने खुद अपनी गाड़ियों के शीशे तोड़े। कैलाश वर्मा ने पार्टी के 48 घंटे के अल्टीमेटम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास ऐसा कौन-सा तथ्य है, जिससे गांव के लोगों को बीजेपी का गुंडा बताया जा रहा है और उनके खिलाप कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने सीजेपी पर 100-150 लोगों के साथ गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को डराने का भी आरोप लगाया।

आशुतोष रांका ने सुनियोजित बताया हमला

शुक्रवार को हुई घटना को लेकर आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि CJP टीम पर हमला पहले से प्लान किया गया था। उनका दावा है कि बाहर से लोगों को बुलाया गया था और हमले में ऐसे पत्थरों का इस्तेमाल हुआ, जिससे जान से मारने की तैयारी होने का अंदेशा है। रांका ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद नहीं थी और टीम की ओर से लगातार संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि हमला करने वाले कुछ लोग पिछली रात विधायक कैलाश वर्मा के साथ बैठे नजर आए थे।

दरअसल, शुक्रवार सुबह CJP की टीम रामपुरा-कंवरपुरा के सरकारी स्कूल की स्थिति देखने पहुंची थी। इसी दौरान टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़कर मारपीट और पथराव के आरोपों तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं और मामले में पुलिस शिकायत भी दर्ज हुई है।

Updated on:
22 Aug 2026 05:57 pm
Published on:
22 Aug 2026 04:55 pm