जयपुर

Jaipur: मम्मी सॉरी लिखकर दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटी BA की छात्रा ने दे दी जान, युवक की मौत के बाद से सदमे में थी

जयपुर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में 19 साल की बीए की छात्रा ने अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने करीबी दोस्त की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से गहरे मानसिक सदमे में थी। वह उसी दिन अपने दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटकर गेस्ट हाउस पहुंची थी।
2 min read
Jul 06, 2026
Jaipur BA Student Death
AI जनरेटेड फोटो

BA Student Died In Jaipur: जयपुर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 19 साल की BA की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने करीबी दोस्त की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से गहरे मानसिक सदमे में थी। वह उसी दिन अपने दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटकर गेस्ट हाउस पहुंची थी जिसके कुछ घंटों बाद ये घटना हो गई।

सूचना के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे छात्रा की एक सहेली किसी काम से उसके कमरे में पहुंची जहां वह उसे मृत अवस्था में मिली। यह देखकर सहेली घबरा गई और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे को अपने कब्जे में लेकर शुरुआती जांच शुरू की और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।

एक महीने पहले ही हॉस्टल से गेस्ट हाउस में हुई थी शिफ्ट

पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा बीए की पढ़ाई कर रही थी और पहले जयपुर के ही हॉस्टल में रहती थी लेकिन करीब एक महीने पहले वह हॉस्टल छोड़कर शहर के एक गेस्ट हाउस में किराए पर रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक से परिचय था जिसकी 3 जुलाई को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही छात्रा गहरे तनाव और सदमे में थी। परिजनों और परिचितों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान और चुपचाप रहने लगी थी।

मिला 'मम्मी सॉरी' लिखा हुआ सुसाइड नोट

घटना स्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इस सुसाइड नोट में छात्रा ने अपनी मां से 'मम्मी सॉरी' लिखकर माफी मांगी है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और सोशल कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Updated on:
06 Jul 2026 07:40 am
Published on:
06 Jul 2026 07:39 am