
जयपुर।
प्रदेश के 49 निकायों में मतदान हो चुका है। इन सभी निकायों में 19 नवंबर को परिणाम भी आ जाएंगे। मगर संगठन चुनाव के चलते प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां अपनी नई टीम नहीं बनाएंगे। पूनियां ने साफ कर दिया है कि संगठन चुनाव के बाद ही इस दिशा में काम किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष बनाने के बाद से ही पूनियां लगातार चुनाव में व्यस्त चल रहे हैं। पहले दो सीटों पर उप चुनाव और इसके बाद 49 निकायों में चुनाव। इसी दौरान संगठन चुनाव की दिशा में भी काम शुरू हो गया है। मंडल अध्यक्षों के चुनाव के लिए 17 और 18 नवंबर को नामांकन भरे जाएंगे। पार्टी चाहती है कि सभी जगहों पर सर्वसम्मति से चुनाव करवाएं जाएं, ऐसे में पूनियां भी सभी जगहों से फीडबैक ले रहे हैं। इस वजह से फिलहाल पूनियां ने इस संबंध में कोई काम शुरू नहीं किया है।
2023 के विधानसभा चुनाव के अनुसार बनाएंगे टीम
पार्टी सूत्रों की मानें तो पूनियां अपनी टीम 2023 के विधानसभा चुनाव के अनुसार ही बनाएंगे। यानि उन्हीं लोगों को पदाधिकारी बनाया जाएगा जो चुनाव तक पार्टी की जीत के लिए मजबूत आधार बना सकें।
अभी समय लगेगा
इस संबंध में सतीश पूनिया ने कहा कि टीम बनाई जाएगी, लेकिन अभी समय लगेगा। संगठन चुनाव चल रहे हैं और इनक संपन्न होने के बाद ही नई टीम को लेकर काम किया जाएगा। पूनियां ने साफ किया कि पाटी में अच्छे नेताओं और कार्यकर्ताओं की लंबी सूची है। मगर जिनके साथ चुनाव मैदान में खेलने के लिए उतरना है, वह टीम बेहद मजबूत होनी चाहिए। इसलिए कुछ वक्त लगेगा।