जयपुर

राजस्थान का रण : डिब्बा लेकर घर-घर जाएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, मांगेंगे वोट के साथ नोट

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
congress abhiyan
राजस्थान का रण : डिब्बा लेकर घर-घर जाएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, मांगेंगे वोट के साथ नोट

जयपुर। कांग्रेस का लोकसंपर्क और आर्थिक सहयोग अभियान मंगलवार दो अक्टूबर को गांधी जयंती से शुरू होगा। अभियान की मुख्य शुरुआत दोपहर 12.15 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से की जाएगी। अभियान के लिए कार्यकर्ता बूथवार प्रत्येक घर में जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इसमें कांग्रेस के लिए आर्थिक सहयोग भी लिया जाएगा। आर्थिक सहयोग एक रुपए से लेकर सहयोगकर्ता की इच्छा तक रखा गया है। कम राशि के लिए डिब्बे तैयार करवाए गए हैं। शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जयपुर शहर के सभी 91 वार्डों में तैयारियां कर ली गई हैं।

यह भी पूछेंगे कार्यकर्ता

अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता घर घर संपर्क के दौरान अंतिम मतदाता सूचियों को भी साथ रखेंगे। जिसमें यह जांच भी की जाएगी कि कितने मतदाताओं के नाम अभी नहीं जोड़े गए हैं या हटा दिए गए हैं।

डिब्बों में 1000 तक, ज्यादा रकम पर रसीद

अभियान के दौरान 50, 100, 500 और 2000 रुपए के नोट डिब्बों में लिए जाएंगे। अधिक रकम देने वालों को रसीद भी दी जाएगी। हर बूथ पर एक डिब्बा दिया जाएगा। कांग्रेस के ब्लॉक के जरिए वितरण की व्यवस्था की गई है। अकेले जयपुर शहर में 1800 से अधिक बूथ हैं। इनके लिए इतने ही डिब्बे तैयार करवाए गए हैं।

रात तक नहीं मिली बुक

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार आर्थिक सहयोग अभियान के लिए रसीद बुक मंगलवार सुबह तक जयपुर पहुंचने की संभावना है। अभियान एक महीने चलेगा। ऐसे में अभियान की शुरूआत भले ही दो अक्टूबर से हो रही हो, लेकिन यह कार्य गति एक दो दिन में ही पकडऩे की संभावना है।

पायलट सांगोद से करेंगे अभियान का आगाज

कांग्रेस महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर मंगलवार को राष्ट्रव्यापी जनसम्पर्क अभियान की शुरूआत करेगी, जो 19 नवम्बर तक चलेगा। अभियान के शुरू होने से पहले प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रार्थना सभाओं के जरिए कांग्रेसी गांधी को याद करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट अभियान की शुरुआत कोटा जिले के सांगोद स्थित महाराव भीमसिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे। अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर 10 सहयोगी तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक सहयोगी अपने बूथ के 20-25 परिवारों के सम्पर्क करेगा।

Published on:
01 Oct 2018 10:56 pm