जयपुर

Gold Theft: जयपुर में सोना चोरी कर ले गए बदमाश, अब पुलिस कर रहीं आरोपियों की तलाश, CCTV में कैद वारदात

चोर ने दुकानदार को बातों में उलझाया और करीब सवा तीन लाख रुपए की कीमत का पक्का सोना लेकर रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
2 min read
May 12, 2026
Gold Theft
Gold Theft

जयपुर। झोटवाड़ा में लता सर्किल के पास स्थित एक ज्वैलरी शॉप पर आए एक शातिर चोर ने दुकानदार को बातों में उलझाया और करीब सवा तीन लाख रुपए की कीमत का पक्का सोना लेकर रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पीड़ित दुकानदार शंकर सोनी पुत्र बैजनाथ सोनी के अनुसार वारदात 10 मई की दोपहर करीब 1:38 बजे की है। लता सर्किल स्थित 'गणपति ज्वैलर्स पर वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। उसने सबसे पहले चांदी का एक ताबीज दिखाने को कहा। सौदा तय होने पर उसने 450 रुपए में ताबीज खरीद लिया और दुकानदार को 500 का नोट थमाया। जब दुकानदार ने खुले पैसे न होने की बात कही और बाहर से लाने के लिए कहा।

बातों में फंसाकर निकलवाया पक्का सोना

इसके बाद बदमाश ने दुकानदार को बाहर जाने से रोका और सोने का भाव पूछकर बातों में उलझा लिया। उसने कहा कि उसे 100 मिलीग्राम पक्का सोना चाहिए। जिसकी कीमत 1550 रुपए थी। विश्वास में आकर दुकानदार ने अंदर से सोने की डिब्बी निकाली और उसे दिखाने लगा। शातिर चोर ने इसके बाद सोने की कान की बालियां दिखाने की डिमांड रख दी। जैसे ही शंकर सोनी बालियां निकालने के लिए नीचे झुके, बदमाश ने अपनी फुर्ती दिखाई और हाथ की सफाई से पक्के सोने वाली डिब्बी चोरी कर ली। जिसमें करीब 20 ग्राम वजन के पक्के सोने के 4-5 टुकड़े थे। वर्तमान बाजार दर के हिसाब से इनकी कीमत लगभग 3.25 लाख रुपए बताई जा रही है।

साथी के साथ बाइक पर हुआ फरार

सोना पार करने के बाद बदमाश ने बेहद शातिर तरीका अपनाया। उसने दुकानदार से कहा कि वह बाहर खड़े अपने परिचित से पूछकर आता है कि उसे बालियां लेनी हैं या पक्का सोना। दुकानदार कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह बाहर गया और वहां पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ बैठकर पलक झपकते ही फरार हो गया। जब दुकानदार ने सामान समेटना शुरू किया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

20 ग्राम सोने के टुकड़े लेकर भागे बदमाश

वारदात के बाद दुकानदार ने तुरंत बाहर भागकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी गलियों में ओझल हो चुके थे। पीड़ित ने झोटवाड़ा थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि आरोपी जिस लहजे में बात कर रहा था, उसकी भाषा से वह संभवतः मध्य प्रदेश का रहने वाला लग रहा है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Updated on:
12 May 2026 11:27 am
Published on:
12 May 2026 11:05 am