
कोटा में बूंदी निवासी एक 30 वर्षीय महिला अपने प्रेमी से मिलने आई थी, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस पर वह भरोसा कर रही है, वही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा। 28 अप्रेल को जब महिला अपने बॉयफ्रेंड मुकुल से मिलने कोटा पहुंची थी। तब मुकुल ने व्यस्तता का हवाला देते हुए अपने दो दोस्तों को उसे कमरा दिलाने के लिए भेजा। आरोपियों ने महिला के विश्वास का फायदा उठाया और उसे मकान दिखाने के बहाने एक सुनसान कमरे पर ले गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कमरे पर ले जाने के बाद आरोपियों ने पहले शराब का सेवन किया और फिर महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगे। जब महिला ने अपनी अस्मत बचाने के लिए कड़ा विरोध किया तो आरोपियों की हैवानियत जाग उठी। उन्होंने गुस्से में आकर शराब की बोतल तोड़ दी और उसके नुकीले हिस्से से महिला की गर्दन पर वार कर दिया। लहूलुहान हालत में भी आरोपियों को दया नहीं आई और उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
इस दौरान आरोपियों ने दरिंदगी के दौरान महिला का अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। उनका इरादा इस वीडियो के जरिए महिला को भविष्य में डराने और ब्लैकमेल करने का था ताकि वह पुलिस के पास न जा सके। हालांकि जख्मी और डरी हुई महिला ने हिम्मत नहीं हारी और थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। नयापुरा सीओ डॉ. पूनम चौहान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी को निरुद्ध कर लिया है। पुलिस प्रशासन अब दूसरे फरार आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रहा है। पूरे मामले में महिला के बॉयफ्रेंड मुकुल की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि क्या मुकुल इस साजिश का हिस्सा था या उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल पीड़िता का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
04 May 2026 12:50 pm
Published on:
04 May 2026 12:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
