जयपुर

जयपुर में सूटकेस में शव मिलने के मामले में हुआ ये चौंकाने वाला खुलासा

जयपुर के आमेर में सूटकेस में मिले शव का खुला राज, पुलिस ने मामले में किया बड़ा खुलासा।
2 min read
May 04, 2018
Dead body found in a suitcase in Jaipur police disclose the identity

जयपुर। राजधानी के आमेर थाना इलाके में गुरुवार रात मिले एक संदिग्ध बैग में ऐसा कुछ देखने को मिला कि पुलिस ही नहीं मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। बैग में एक युवक की लाश थी। जी हां, आमेर थाना इलाके में नई माता मंदिर के पास सूटकेस मिलने की सूचना पर शाम करीब सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम ने आकर सूटकेस को खोला तो सूटकेस में एक व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। आपको बता दें कि आमेर थानाधिकारी नरेंद्र ने बताया कि सूटकेश में मिले शव की पहचान हो चुकी है। मामला अपहरण के बाद फिरौती नहीं मिलने पर हत्या करने का है। सूटकेस में मिले शव की पहचान झोटवाड़ा निवासी दुष्यंत शर्मा के रूप में हुई है।


थानाप्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सरायबावड़ी के नजदीक नई माता मंदिर के पास शाम सात बजे एक संदिग्ध सूटकेस पड़े होने की सूचना मिली थी। पीसीआर मौके पर पहुंची तो सूटकेस भारी लगा। इसके बाद थानाधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मी एफएसएल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो सूटकेस में शव निकला। तब तक मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर चोट का निशान हैं पुलिस हेड इंजरी ही मौत की वजह बता रही है। आपको बता दें कि दुष्यंत का बुधवार को झोटवाड़ा से अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के बाद बदमाशों ने दुष्यंत के परिजनों से दस लाख रुपए की फिरौती मांगी। फिरौती की रकम नहीं मिलने पर बदमाशों ने उसकी धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को सूटकेश में भरकर आमेर में फेंक दिया। इस पूरे मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरु कर दी है। गौरतलब है कि परिजनों ने झोटवाड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।

डीपीपी नार्थ सतेंद्र सिंह ने बताया कि सिर में चोट लगने से पुलिस मौत की वजह मान रही है। साथ ही गले पर भी 4 से 5 निशान है। हाथ मे 2 अंगूठी और कलावा बांध रखा है। जीन्स के पेंट की सभी जेब चैक करने के बाद भी पुलिस को कुछ हासिल नही हुआ है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका सारा सामान निकाल लिया गया होगा। सूटकेस में रखने के लिए युवक के हाथ पैर को चुनरी और स्कार्फ से बांधा गया था। सिर में चोट होने की वजह से पॉलीथिन से ढक रखा था। प्रारम्भिक जांच में पुलिस हेड इंजरी ही मौत की वजह बता रही है। फिलहाल पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को एसएमएस अस्पताल भेज दिया है।

Published on:
04 May 2018 08:42 am