Rain Alert: राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के आसार बन गए हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पश्चिमी व उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
जयपुर। राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश (मावठ) होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार जनवरी के पहले सप्ताह में राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों में घना कोहरा छाने की भी आशंका है। हालांकि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही दर्ज होने की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान जयपुर संभाग में कहीं-कहीं शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो राज्य में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान फतेहपुर सीकर में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह वीडियो भी देखें
वहीं दूसरी तरफ राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल माउंट आबू में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही आसमान में बादलों का आवागमन शुरू हो गया था। नक्की झील में बादलों का प्रतिबिंब पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। सैलानियों ने इस नजारे को कैमरे में कैद कर अपनी यात्रा को यादगार बनाया।