चार संभागों में दिन में पारा सामान्य से अधिक रहने की चेतावनी
जयपुर। प्रदेश में अगले चार दिन मौसम का मिजाज शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में छितराए बादलों की आवाजाही रहने और विंड पैटर्न में हो रहे बदलाव से दिन के तापमान में आंशिक गिरावट होने की उम्मीद जताई है। हालांकि अब भी चार संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है।
प्रदेश में इस बार मानसून की बंपर बारिश के चलते दीपोत्सव पर्व से पहले सर्दी के तेवर तीखे होने की उम्मीद थी लेकिन विंड पैटर्न में बदलाव नहीं होने पर पुरवाई हवाएं नहीं चलने से पहाड़ों की सर्दी अब तक मैदानों में दस्तक नहीं दे सकती है। हालांकि पारे में उतार चढ़ाव बना रहा है लेकिन अब भी कड़ाके की सर्दी का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। पारे में आई गिरावट से अब सुबह शाम में गुलाबी सर्दी का जोर बढ़ने लगा है। हालांकि पश्चिमी हवाएं चलने पर मौसम शुष्क रहा लेकिन अब फिर से पुरवाई हवा चलने से दिन और रात के तापमान में और ज्यादा गिरावट होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। जयपुर शहर में आज सुबह बादलों की आवाजाही रही। अधिकतम तापमान में भी पारे में करीब 1.7 डिग्री गिरावट होने से रात में भी उमस का जोर कम रहा। सीकर जिले में कल दिन में सर्वाधिक तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई।
बीती रात मैदानी इलाकों में संगरिया 18.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। माउंटआबू 14.4, सीकर 19, अंता बारां 18.5 और जयपुर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर में दिन में पारा सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई है।