
जयपुर। चुनाव में जिताऊ उम्मीदवार की तलाश में भाजपा की रायशुमारी सोमवार को खत्म हो गई। अंतिम दिन जयपुर शहर, देहात और सीकर के दावेदारों के लिए चर्चा की। सीएम Vasundhara Raje से लेकर संगठन के बड़े पदाधिकारियों ने 27 विधानसभा सीट के दावेदारों की स्थिति जानी। कई विधायकों को अपने ही मण्डल पदाधिकारी, पार्षदों का विरोध भी झेलना पड़ा। जयपुर शहर की विधानसभा सीटों पर सबसे ज्यादा दावेदार सामने आए।
चौंकाने वाला नाम पंचायती राज मंत्री Rajendra Rathore का रहा। विद्याधर नगर विस से राठौड़ का नाम संगठन को सुझाया गया। 15 से ज्यादा लोगों ने उनका नाम सुझाया। सूत्रों के मुताबिक सोमवार सुबह ही कार्यकर्ताओं को मैसेज दिया गया कि उनके नाम को आगे करना है। इसके बाद ही यह स्थिति बनी। राठौड़ ने भी इससे जुड़े सवाल को पूरी तरह से नहीं नकारा। सांगानेर हॉट सीट बनी। खुद सीएम ने मोर्चा संभाला और रायशुमारी में शामिल हुईं। यहीं से सबसे ज्यादा एक दर्जन दावेदारों के नाम सामने आए। घनश्याम तिवाड़ी यहीं से विधायक हैं। सभी दावेदारों की किस्मत पार्टी के लिफाफों में बंद हो गई।
यहां सामने आए दावेदारों के नाम (Rajasthan Assembley Election 2018)
सांगानेर- महापौर अशोक लाहोटी, शहर जिलाध्यक्ष संजय जैन, सांसद रामचरण बोहरा, अखिल शुक्ला, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, प्रणवेन्द्र शर्मा, अमित शर्मा, पार्षद विष्णु लाटा, मधु शर्मा, नरेंद्र हर्ष, जितेंद्र श्रीमाली, ओम सिंह, अंबिका प्रकाश, हुकुम कंवर, प्रमोद वशिष्ठ।
आदर्श नगर- अशोक परनामी, अजयपाल सिंह, कुलवंत सिंह।
मालवीय नगर- कालीचरण सराफ, सुमन शर्मा, अशोक गर्ग, आनंद शर्मा, अजय धांधिया
हवामहल- सुरेन्द्र पारीक, एम. सादिक खान, मनोज भारद्वाज, मनीष पारीक, शैलेन्द्र भार्गव, निधि शेखर शर्मा, वीरेन्द्र शर्मा, मनोज भार्गव, मनोज शर्मा, मुनव्वर खान, मान पंडित।
किशनपोल- मोहनलाल गुप्ता, सोहनलाल ताम्बी, सुरेश पाटोदिया, मनीष पारीक।
विद्याधर नगर- नरपत सिंह राजवी, मंत्री राजेन्द्र राठौड़, मोहनलाल गुप्ता, संजय जैन, भवानी सिंह, सुरेन्द्र सिंह नरूका, मुकेश पारीक।
झोटवाड़ा- राजपाल सिंह शेखावत, बीरू सिंह राठौड़, राजेश जाखड़, प्रेम सिंह, महेन्द्र यादव।
सिविल लाइन्स- अरुण चतुर्वेदी, ममता भार्गव, दिनेश सैनी।
आमेर- सतीश पूनिया, महेन्द्र शेखावत, बलराम दून, ईश्वर यादव
यह चर्चा में
सुमन शर्मा ने यों बढ़ाई सराफ की चिंता
सांगानेर से दावेदार रहीं सुमन शर्मा एकाएक कालीचरण सराफ के पास आईं और कहा कि मालवीय नगर से कई लोग दावेदारी जता रहे हैं, इसलिए मैं भी जा रही हूं। इसके बाद शर्मा का भी नाम सामने आ गया। इस स्थिति से सराफ चिंतित दिखे।
लाहोटी से पूछा सिविल लाइंस से क्यों नहीं?
सांगानेर की रायशुमारी में महापौर अशोक लाहोटी ने टिकट की दावेदारी जताई तो मुख्यमंत्री ने कहा सांगानेर ही क्यों सिविल लाइंस क्यों नहीं। लाहोटी ने सिविल लाइन्स से इनकार कर दिया। सीएम ने जातिगत परिचय देने पर कटाक्ष किया।
नवम्बर के पहले सप्ताह में सूची
राजेन्द्र राठौड़ ने पत्रकारों से कहा कि नवम्बर के पहले सप्ताह में पहली सूची जारी की जा सकती है।
गूंजा विरोध का सुर
होटल के बाहर और भीतर दोनों तरफ मौजूदा विधायक व अन्य नेताओं का विरोध सामने आया। सीकर जिले में खण्डेला से विधायक व स्वास्थ्य राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया, दूदू विधायक प्रेमचंद बैरवा का विरोध हुआ। बाजिया के विरोध में कई लोग होटल के गेट के सामने तख्तियां लेकर आ गए और काफी देर तक नारेबाजी की। वहीं दूदू विधायक प्रेमचंद बैरवा के खिलाफ भी विधायक नरपत सिंह राजवी, कालीचरण सराफ, मोहन लाल गुप्ता, सुरेन्द्र पारीक समेत अन्य नेताओं का भी विरोध हुआ।