जयपुर

Raj K Purohit: बीजेपी के दिग्गज नेता राज के पुरोहित का निधन, राजस्थान मूल के थे; CM भजनलाल और गहलोत ने जताया दुख

Raj K Purohit Passes Away: भाजपा के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के पुरोहित का रविवार तड़के निधन हो गया।
2 min read
Jan 18, 2026
Raj-K-Purohit
राज के पुरोहित। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। भाजपा के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के पुरोहित का रविवार तड़के निधन हो गया। 71 वर्षीय राज के पुरोहित पिछले कई दिनों से मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वे मूल रूप से राजस्थान के सिरोही जिले के निवासी थे। राज के पुरोहित के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार राज के पुरोहित कई दिनों से बीमार थे और 15 जनवरी से मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती थे। जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उनका निधन हो गया।राज के पुरोहित भाजपा मुंबई के अध्यक्ष रहे।

इसके अलावा वे मुंबादेवी से चार बार और कोलाबा से एक बार विधायक रहे। वे महाराष्ट्र सरकार में गृह निर्माण मंत्री सहित कई विभागों में मंत्री रह चुके थे। उनके बेटे आकाश पुरोहित ने हाल ही बीएमसी के चुनाव में जीत दर्ज की थी।

मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे राज के पुरोहित

राज के पुरोहित मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे। राज के पुरोहित का जन्म 31 अगस्त 1955 को सिरोही के फूंगनी में हुआ था। उनके निधन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया।

पुरोहित के निधन का समाचार दुखद: सीएम भजनलाल शर्मा

सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, राजस्थान के मूल निवासी और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के. पुरोहित के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

गहलोत ने जताया दुख

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा कि राजस्थान के मूल निवासी एवं महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहे राज के पुरोहित के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे 5 बार विधायक रहे थे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें।

Updated on:
18 Jan 2026 02:46 pm
Published on:
18 Jan 2026 02:26 pm