जयपुर

Free Treatment: दुर्लभ रोग पीड़ित बच्चों के लिए नई उम्मीद बनी आयुष्मान बाल सम्बल योजना

Child Healthcare Support: मासूमों को 50 लाख तक का निःशुल्क इलाज, गंभीर बीमारियों से जूझते बच्चों को संबल देने की ऐतिहासिक योजना।
2 min read
Nov 23, 2025
Feature image

Ayushman Bal Sambal Yojana: जयपुर. राजस्थान सरकार ने दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए मुख्यमंत्री आयुष्मान बाल सम्बल योजना की शुरुआत कर एक मानवीय और दूरदर्शी पहल की है। यह योजना उन परिवारों के लिए राहत की सांस बनकर आई है, जो वर्षों से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अपने बच्चों के इलाज के लिए आर्थिक असमर्थता के कारण परेशान थे।इस योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चों को, जो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की राष्ट्रीय नीति 2021 के तहत सूचीबद्ध दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित हैं, 50 लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही उपचार अवधि के दौरान बच्चों और उनके परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 5 हजार रुपए प्रतिमाह की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

आर्थिक कमजोरी के कारण इलाज से वंचित न रहे

योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक कमजोरी के कारण इलाज से वंचित न रहे। सरकार ने प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाया है, जिससे जरूरतमंद परिवार बिना किसी जटिलता के आवेदन कर सकें।

लाभार्थी के लिए यह है पात्रता

पात्रता के अनुसार लाभार्थी बच्चे की आयु 18 वर्ष से कम होनी चाहिए और वह राजस्थान का मूल निवासी अथवा कम से कम तीन वर्ष से राज्य में निवासरत होना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, जिसे जनाधार नंबर के माध्यम से ई-मित्र केंद्र या स्वयं की एसएसओ आईडी से किया जा सकता है।

पुष्टि के बाद ही मिलेगी सहायता

दुर्लभ बीमारी की पुष्टि के लिए एम्स जोधपुर और जेके लॉन अस्पताल जयपुर के अधिकृत चिकित्सा अधिकारी द्वारा ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसके आधार पर सहायता स्वीकृत की जाएगी। यह योजना न केवल चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि राज्य सरकार की संवेदनशील सोच और सामाजिक सरोकारों की भी सशक्त मिसाल बन रही है।

Updated on:
23 Nov 2025 11:25 am
Published on:
23 Nov 2025 11:25 am