
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा ने बताया कि बदमाशों के किशनगढ़ इलाके से दो जगह एटीएम उखाड़कर ले जाने की सूचना मिलने पर किशनगढ़ बास पुलिस एसएचओ सहित एवं अन्य अधिकारियों के साथ मौके के लिये रवाना हुए तो मुखबिर से सूचना मिली कि इस गिरोह का लीडर हरियाणा के नूह जिले का राहुल पुत्र अकबर अपनी बहन के घर चामुंडी कला में ठहरा है। पुलिस दल वहां पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर दी। वहां कुएं के पास दो बदमाश सोए हुए दिखे। पुलिस ने उन्हें ललकारा तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में बदमाश फारूक और गिरोह सरगना राहुल घायल हो गये। दोनों को अलवर के अस्पताल भेजा गया जहां से उन्हें जयपुर भेज दिया गया। वहां कुछ और लोगों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। अन्य बदमाश अकीद, साबिर, मुस्तफा भी पकड़े गये। उनसे एक देसी कट्टा 12 बोर, दो देसी कट्टा 315 बोर एवं 17 कारतूस एक पिकअप और तीन एटीएम मशीनें बरामद की हैं। राहुल ढाई महीने पहले ही जेल से छूटा है और इस दौरान उसने विभिन्न थानों में सात बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। फारुक के खिलाफ एक मुकदमा दिल्ली में दर्ज है। वह कुख्यात बदमाश है। राहुल पुत्र अकबर निवासी तावडू हरियाणा का है। ये सभी हथियारों से लैस होकर राजमार्गों पर लूट एवं एटीएम उखाडऩे की वारदातों को अंजाम देते थे। इससे पहले नौ मार्च को राहुल गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है।