
जयपुर। प्रदेश में दक्षिण पश्चिमी मानसून के पश्चिमी मैदानी इलाकों में दस्तक के साथ ही बीते चौबीस घंटे में हाड़ौती के बाद अब शेखावाटी अंचल में भी मूसलाधार बारिश बारिश का दौर रहा। राजधानी जयपुर में हल्की बौछारें गिरी तो भीलवाड़ा जिले में कई जगह मूसलाधार बारिश का दौर रहा। जोरदार बारिश से बांधों में पानी आवक होने से जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी है।
पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र ने अगले चौबीस घंटे में दिल्ली एनसीआर क्षेत्र समेत प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। बीते चौबीस घंटे में सवाई माधोपुर के बामनवास और चूरू में हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में बारिश का पानी जमा होने से परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई।
अरवड़ बांध में तीन फिट पानी की आवक
भीलवाड़ा शहर सहित जिलेभर में कई जगहों पर शनिवार अपराह्न हुई मूसलाधार बारिश से बांधों व तालाबों में पानी की आवक बढ़ी है। बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से निजात मिली है। बारिश से पूर्व तेज व ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशगवार हो गया। जिले के बीगोद कस्बे के शनिवार दोपहर बाद तेज मूसलाधार बारिश हुई। तेज हवा के साथ आधे घन्टे से ज्यादा समय से बारिश हो रही है। आकोला क्षेत्र के गांव में शनिवार को तेज बारिश हुई। अरवड़ कस्बे सहित क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम बदला और तेज हवा के साथ करीब एक घण्टे तक मूसलधार बारिश हुई। बारिश के दौरान सडक़े व रास्ते जलमग्न हो गए। क्षेत्र के जलाशयों में पानी की आवक अच्छी आवक हुई है। जिससे अरवड़ बांध में तीन फिट पानी की आवक हुई है। गेंदलिया सहित कस्बे सहित क्षेत्र में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला तथा उमड़- घुमड़ कर आए बादलों से हवा के साथ ही तेज बारिश शुरू हुई।
नागौर में तेज बारिश का दौर
नागौर जिले के जायल तहसील मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गया। जायल सहित तरनाऊ एवं आसपास के गांवों में दोपहर बाद साढ़े चार बजे से झमाझम बारिश से सडक़ों एवं खेतों में पानी भर गया। जायल कस्बे में निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने से दुकानों में पानी घुस गया। वहीं तरनाऊ सहित सीमावर्ती गांवों में तेज बारिश से खेत तालाब बन गए। गांवों के मार्गों पर पानी भर गया। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर मुस्कान छा गई है।
मूसलाधार से कई इलाकों में जल भराव
दौसा के महवा में आज सुबह तक मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों में जल भराव हो गया। कस्बे में आज सुबह तक पांच इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। अजमेर के भिनाय में तीन, भरतपुर के रूपवास में ढाई और डूंगरपुर के गलियाकोट में तीन इंच बारिश मापी गई। कोटा, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़़ में भी बारिश का दौर रहा है।
राजधानी में शुक्रवार से बादलों की आवाजाही बनी हुई है लेकिन मेघ मेहरबान नहीं हो रहे हैं। हालांकि शहर के बाहरी इलाको में बीती रात छितराई फूहारों का दौर रहा लेकिन शहरी क्षेत्र में मेघों ने मायूस किया। आज सुबह बादल छंटने पर थोड़ी देर खिली धूप से उमस हो गई। वहीं बीती रात मौसम शुरूक रहने पर रात के तापमान में फिर से पारा तीन डिग्री बढकऱ 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बारिश नहीं होने पर दिन के तापमान में भी आंशिक बढ़ोतरी होने लगी है। आज सुबह नौ बजे शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।