जयपुर

जेल जाने के लिए एसीपी के मुंह पर जड़ा मुक्का, इस कारण जाना चाहता था जेल

एक शख्स ने मारपीट की बात कबूलते हुए जेल जाने की इच्छा जाहिर की। जब पुलिस ने इच्छा पूरी करने से इनकार किया तो उसने एसीपी को मुक्का जड़ दिया।
2 min read
• •
Updated: 8 Sep 2017, 12:41 PM IST
punch

जयपुर। पत्नी के तानों और झगड़ों से एक व्यक्ति इतना परेशान हो गया कि उसने जेल जाने की पूरी प्लानिंग कर ली। झगड़े को निपटाने के लिए दोनों कल सुबह शिप्रापथ थाने पहुंचे । इसी दौरान वहां पर एसीपी मानसरोवर पहुंचे और दम्पत्ती से पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में व्यक्ति ने पत्नी से मारपीट करने की बात कबूलते हुए जेल जाने की इच्छा जाहिर कर दी। एसीपी साहब ने उस शख्स की ये इच्छा पूरी करने से इनकार कर दिया तो उस व्यक्ति ने एसीपी के मुंह पर ही मुक्का जड़ दिया। इससे एसीपी के मुंह पर गंभीर चोट आई। उन्हें हाॅस्पिटल ले जाया गया, जहां पर उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी से मारपीट करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दुर्गापुरा निवासी योगेश गोल्या छोटी चौपड़ पर साफा की दुकान चलाता है। कुछ समय से उसका अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था। वह पत्नी के तानों व झगड़ा करने की आदत से काफी परेशान चल रहा था। पत्नी से बचने के लिए वह उसे लेकर गुरूवार सुबह करीब 10.30 बजे थाने पहुंचा। इसी दौरान एसीपी देशराज यादव वहां पर पहुंचे और उनसे थाने में बैठने का कारण पूछा तो योगेश की पत्नी ने पति द्वारा झगड़ा करने की बात कहीं। योगेश ने पूछताछ में एसीपी से कहा कि वह पत्नी से मारपीट करता है आैर खुद को जेल में बंद करने की इच्छा जाहिर कर दी।

इस पर एसीपी ने कहा कि एेसे थोड़े ही किसी को भी जेल में बंद किया जाता है। मैं थानधिकारी से बात करता हूं। इतने में ही योगेश गोल्या ने एसीपी के मुहं पर मुक्का मार दिया। इससे एसीपी के मुहं से खून बह निकला। थानाधिकारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि एसीपी से मारपीट करने के मामले में योगेश को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में उसने बताया कि वह पत्नी से परेशान था और उससे छुटकारा पाने के लिए कुछ समय के लिए किसी भी रूप में जेल जाना चाहता था। साथ ही उसने पूछताछ में यह भी बताया कि इसके लिए उसने किसी पुलिसकर्मी को पीटने तक की प्लानिंग कर रखी थी। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Published on: