IMD Alert: राजस्थान में दो दिन बाद मौसम फिर पलटी मारने वाला है। इसको लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है। इसका सबसे बड़ा असर 7 अप्रेल के दिन देखने को मिल सकता है।
जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर ने बीते दिनों प्रदेश के ज्यादातर शहरों में जमकर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि कराई। इसका असर प्रदेश के कई शहरों में शनिवार को भी देखने को मिला। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बताया कि इस परिसंचरण तंत्र का असर पिछले 36 घंटों में बड़े इलाके में देखने को मिला। राजस्थान के उत्तर-पूर्व के ज्यादातर जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि को गतिविधियां देखने को मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई। इसके अलावा कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। इसके अलावा, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन पश्चिमी विक्षोभ के धीमा पड़ने से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं एक बार फिर 7-8 अप्रेल को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसकी वजह से एक बार फिर मौसम खराब हो सकता है।
मौसम विभाग ने 6 अप्रेल से मौसम में एक बार फिर हल्के बदलाव की चेतावनी दी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद एक नया, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में दोबारा आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। हालांकि, 6 अप्रेल के दिन इसका असर कमजोर रह सकता है।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, 7 अप्रेल को नए पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। इस दौरान बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। वहीं कई जगहों पर भारी ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने 8 अप्रेल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में तेज धूप निकल सकती है।
बीते दिनों हुए मौसम में बदलाव का सबसे बड़ा असर प्रदेश के तापमान में पड़ा है। बारिश और ओलावृष्टि की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। विभाग के मुताबिक, दिन के अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक गिरावट हुई, वहीं रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 4-5 दिनों तक मौसम में बदलाव की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।