जयपुर

Rajasthan Weather: राजस्थान के 8 जिलों के लिए IMD का Red Alert जारी, तूफानी हवा के साथ वज्रपात-बारिश की चेतावनी

Rajasthan Weather Update: मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है। अगले तीन घंटों के दौरान आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात और बारिश की चेतावनी दी गई है।
2 min read
May 30, 2026
rajasthan rain alert
झुंझुनूं में उठा धूल का गुबार। फोटो- पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में अत्यंत तीव्र मेघगर्जन, तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

यह वीडियो भी देखें

यहां ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, चूरू, फलोदी, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, झुंझुनूं और जयपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यंत तीव्र मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने भरतपुर, धौलपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा और अलवर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, डीग और करौली में येलो अलर्ट

इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तीव्र मेघगर्जन और गरज-चमक के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, डीग और करौली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ हल्की से मध्यम वर्षा भी हो सकती है।

मोबाइल अलर्ट जारी

आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग ने लंबे सायरन के साथ मोबाइल अलर्ट जारी कर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों में बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर और सीकर जिलों में कई स्थानों पर गंभीर तूफानी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

कुछ क्षेत्रों में सतही हवाओं की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही झुंझुनूं और बीकानेर में तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद हुई बारिश से मौसम में ठंडक घोल दी, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Updated on:
30 May 2026 05:04 pm
Published on:
30 May 2026 04:47 pm